- दो की मौत और तीन गंभीर रूप से घायल हजारीबाग (ईएमएस)। झारखंड के हजारीबाग जिले का गोरहर थाना क्षेत्र रविवार को दो भीषण सड़क हादसों से दहल उठा, जिसमें दो लोगों की जान चली गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पहली घटना सुबह की है, जब सब्जियों से लदा एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के निवासी के रूप में हुई है। वाहन में फंसे चालक के शव को निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। अभी क्षेत्र के लोग इस हादसे के सदमे से उबर भी नहीं पाए थे कि सुबह करीब 10 बजे गोरहर गांव के पास एक और बड़ा हादसा हो गया। यहां सड़क पर एक के बाद एक चार वाहन आपस में टकरा गए। इस श्रृंखलाबद्ध भिड़ंत में एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। लगातार हुई इन घटनाओं की सूचना मिलते ही गोरहर थाना प्रभारी रवि रंजन दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और यातायात सामान्य कराया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क हादसों के पीछे के तकनीकी कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, इन दुर्घटनाओं से स्थानीय ग्रामीणों में खासा आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खराब बनावट और वाहनों की बेलगाम रफ्तार की वजह से यह इलाका ब्लैक स्पॉट में तब्दील होता जा रहा है, जिससे आए दिन बेगुनाह लोगों की जान जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस दिशा में जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की है। - ईएमएस 10 मई 2026