- 290 वारंटी पकड़ककर कोर्ट में पेश किये गये जबलपुर (ईएमएस)। शहर में अपराधों पर अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर शुक्रवार रात जिलेभर में व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। रात 9 बजे से शनिवार तड़के 2 बजे तक चली इस कार्रवाई में पुलिस ने कई वर्षों से फरार आरोपियों समेत कुल 290 वारंट तामील किए। अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सूर्यकांत शर्मा और सभी नगर पुलिस अधीक्षकों, एसडीओपी व थाना प्रभारियों की निगरानी में चलाया गया। शहर और देहात के सभी थानों की टीमों ने अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार कॉम्बिंग गश्त के दौरान 134 गैर म्यादी वारंट, 66 गिरफ्तारी वारंट और 90 जमानती वारंट तामील किए गए। इनमें कई आरोपी लंबे समय से पुलिस से बचते फिर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस अभियान के लिए थाना प्रभारियों के नेतृत्व में विशेष टीमें बनाई गई थीं। कई टीमों की जिम्मेदारी उप निरीक्षक और सहायक उप निरीक्षक स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई थी। पुलिस ने जिलेभर में संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी और सक्रिय बदमाशों की भी जांच की। कॉम्बिंग गश्त के दौरान रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुसाफिरखानों में संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की जांच की गई। देर रात घूमने वालों से पूछताछ भी की गई। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। उनका कहना है कि जनता में सुरक्षा की भावना पैदा करना और कानून का पालन सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है। - 10 मई 2026/ 07.00