कैमूर, (ईएमएस)। बिहार पुलिस ने कैमूर जिले में वायरल वीडियो मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 09 मई को चांद पुलिस थाना को एक वायरल वीडियो प्राप्त हुआ था। वीडियो के सत्यापन में सामने आया कि काले रंग की स्कॉर्पियो (रजिस्ट्रेशन नंबर बीआर-01-जेएफ-3633) पर सवार कुछ लोगों ने एक अज्ञात हाईवा ट्रक को ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने ट्रक चालक के साथ गाली-गलौज की और ईंट-पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में चालक घायल हो गया, जबकि हाईवा ट्रक का शीशा भी टूट गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के आधार पर साहिल खान को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो को भी पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया है। इस संबंध में चांद थाना कांड संख्या 186/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है। संतोष झा- १० मई/२०२६/ईएमएस