क्षेत्रीय
10-May-2026


गढ़वा(ईएमएस)।रंका थाना क्षेत्र के हुरदाग गांव स्थित विद्युत पावर हाउस के समीप पिछले दिनों हुई सड़क दुर्घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घटना के बाद से फरार चल रही कार को जब्त कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज और नंबर प्लेट के आधार पर वाहन की पहचान कर यह कार्रवाई की गई है।पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि दुर्घटना करने वाली कार रंका थाना मोड़ निवासी आफताब अंसारी की है। आफताब अंसारी वर्तमान में अंसारी समाज के प्रदेश अध्यक्ष होने के साथ-साथ झामुमो अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष भी हैं।पुलिस के अनुसार, घटना के समय कार स्वयं आफताब अंसारी ही चला रहे थे।गौरतलब है कि बीते गुरुवार की देर शाम ऊंचरी गांव निवासी संजीव यादव (42 वर्ष) अपनी बहन के घर अमिलो में घोटा की रस्म अदा कर बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे।इसी दौरान हुरदाग पावर हाउस मोड़ के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी थी।टक्कर इतनी भीषण थी कि संजीव यादव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। घटना के बाद चालक कार समेत मौके से फरार होने में सफल रहा था।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे कार के नंबर और उसके मालिक की पहचान सुनिश्चित हुई।रंका पुलिस ने बताया कि पहचान होते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन को कब्जे में ले लिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। कर्मवीर सिंह/10मई/26