राष्ट्रीय
10-May-2026
...


* सोमनाथ विरासत के 75 वर्ष पूर्ण होने पर भव्य आयोजन, एयर शो से लेकर विशेष स्मारक सिक्का और डाक टिकट का होगा विमोचन अहमदाबाद (ईएमएस)| सोमनाथ विरासत के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य “सोमनाथ अमृतपर्व-2026” समारोह में भाग लेने के लिए प्रधानमंत्री तथा नरेन्द्र मोदी 11 मई को वेरावल पहुंचेंगे। इस ऐतिहासिक अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल तथा राज्य के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी प्रधानमंत्री के साथ कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार सुबह हवाई मार्ग से जामनगर से सोमनाथ पहुंचेंगे। सोमनाथ स्थित हेलीपैड पर उतरने के बाद वे वीर हमीरजी गोहिलजी सर्कल तक भव्य रोड शो करेंगे, जहां बड़ी संख्या में उपस्थित जनता उनका स्वागत करेगी और प्रधानमंत्री जनसमूह का अभिवादन स्वीकार करेंगे। * सरदार पटेल को अर्पित करेंगे पुष्पांजलि रोड शो के बाद प्रधानमंत्री सोमनाथ मंदिर परिसर पहुंचेंगे। यहां वे सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि स्वरूप पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। उल्लेखनीय है कि सरदार पटेल को सोमनाथ मंदिर पुनर्निर्माण का स्वप्नदृष्टा माना जाता है। इसके पश्चात प्रधानमंत्री सोमनाथ महादेव की विशेष पूजा-अर्चना करेंगे तथा देश की समृद्धि, प्रगति और जन-जन के सुख-कल्याण की कामना करेंगे। इस अवसर पर वे मंदिर में कुंभाभिषेक और ध्वजारोहण कार्यक्रम में भी भाग लेंगे। * सौराष्ट्र के आसमान में दिखेगा सूर्यकिरण टीम का रोमांचक एयर शो समारोह का सबसे आकर्षक केंद्र भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम का रोमांचकारी एयर शो होगा। सोमनाथ के आकाश में होने वाला यह अद्भुत प्रदर्शन दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। * सद्भावना ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वेरावल के सद्भावना ग्राउंड में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे सोमनाथ मंदिर की प्रतिकृति अंकित विशेष स्मारक डाक टिकट तथा 75 रुपये के विशेष स्मारक सिक्के का विमोचन भी करेंगे। * प्रशासन ने पूरी की तैयारियां, जनता में उत्साह प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर जनसभा स्थल और कार्यक्रम आयोजन तक सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। वेरावल सहित पूरे गुजरात में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर भारी उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बनने के लिए उत्सुक हैं। सतीश/10 मई