क्षेत्रीय
10-May-2026


रांची(ईएमएस)।रांची रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की महिला कांस्टेबल सविता गाड़ी ने अपनी सतर्कता, साहस और त्वरित कार्रवाई से एक महिला यात्री की जान बचाकर बहादुरी की मिसाल पेश की। यह घटना ट्रेन संख्या 18611 रांची-बनारस एक्सप्रेस के प्लेटफार्म संख्या एक से खुलने के दौरान हुई। जानकारी के अनुसार एक यात्री अपनी पत्नी रेखा और डेढ़ वर्ष के बच्चे के साथ जल्दबाजी में चलती ट्रेन पर सवार होने का प्रयास कर रहा था।इसी दौरान महिला यात्री रेखा का संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म तथा ट्रेन के बीच के गैप में गिरकर ट्रेन के साथ घसीटने लगी।घटना को देखते ही ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ की लेडी कांस्टेबल सविता गाड़ी तुरंत हरकत में आयीं। उन्होंने बिना अपनी जान की परवाह किये महिला को मजबूती से पकड़ लिया और ट्रेन रुकने तक संभाले रखा।उस समय तेज बारिश हो रही थी।इस कारण महिला यात्री फर्श पर फिसलती गयी। सविता गाड़ी की सूझबूझ और साहस के कारण बड़ा हादसा टल गया।राहत की बात यह रही कि महिला यात्री को किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आयी। बाद में उसे सुरक्षित उसकी आरक्षित बोगी एस-1 में बैठाया गया।घटना में महिला जवान को हल्की चोट भी आयी है।वहीं स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और रेलकर्मियों ने महिला कांस्टेबल के साहसिक कार्य की सराहना की। कर्मवीर सिंह/10मई/26