रांची(ईएमएस)।सीबीएसई की ओर से कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों के लिए दूसरे बोर्ड परीक्षा 15 मई से 21 मई तक आयोजित की जायेगी। बोर्ड की ओर से दूसरी बोर्ड परीक्षा का कार्यक्रम पहले ही जारी किया गया है।दूसरी बोर्ड परीक्षा में राजधानी रांची के लगभग दो हजार विद्यार्थी शामिल होंगे। जानकारी के अनुसार सभी संबद्ध विद्यालय सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपने विद्यार्थियों के एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं, जबकि निजी उम्मीदवार एडमिट कार्ड वेबसाइट पर जाकर प्राप्त कर सकते हैं। दूसरी बोर्ड परीक्षा के सुचारु, निष्पक्ष व पारदर्शी संचालन के लिए भी बोर्ड ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।सीबीएसई के सिटी कोआर्डिनेटर डॉ जया चौहान के अनुसार विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र पर सुबह 10 बजे के बाद प्रवेश नहीं दिया जायेगा।इसलिए परीक्षार्थियों को मुख्य परीक्षा की ही तरह दूसरी बोर्ड परीक्षा में भी सुबह 10 बजे से पहले ही परीक्षा केंद्रों पर अनिवार्य रूप से प्रवेश करना है।सभी विद्यार्थियों को निर्धारित स्कूल यूनिफार्म में आना होगा और अपने साथ स्कूल पहचान पत्र और सीबीएसई की ओर से जारी एडमिट कार्ड लाना आवश्यक होगा। सीबीएसई द्वारा निर्धारित परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार 15 मई को गणित (बेसिक व स्टैंडर्ड), 16 मई को इंग्लिश, 18 मई को साइंस, 19 मई को हिंदी, 20 मई को संस्कृत, फ्रेंच, जर्मन व अन्य भाषाएं, 21 मई को सोशल साइंस की परीक्षा होगी। कर्मवीर सिंह/10मई/26