बालाघाट (ईएमएस). जिले की लालबर्रा तहसील अंतर्गत ग्राम डोंगरिया में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के लिए भूमि चिन्हित की गई है। मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए 10.883 हेक्टेयर भूमि प्रस्तावित की गई है, जो बालाघाट-वारासिवनी मार्ग की दक्षिण दिशा में स्थित है। प्रस्तावित भूमि के संबंध में आमजन से 15 दिनों के भीतर दावे एवं आपत्तियां आमंत्रित की गई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए ग्राम डोंगरिया के विभिन्न खसरा नंबरों की भूमि प्रस्तावित की गई है। इसमें खसरा नंबर 161/3/2 की 4.000 हेक्टेयर, खसरा नंबर 161/9 की 2.023 हेक्टेयर तथा खसरा नंबर 163/4/1/1/2 की 4.860 हेक्टेयर भूमि शामिल है। इस प्रकार कुल 10.883 हेक्टेयर भूमि मेडिकल कॉलेज परियोजना के लिए प्रस्तावित की गई है। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि प्रस्तावित भूमि के संबंध में यदि किसी व्यक्ति, संस्था या संबंधित पक्ष को कोई आपत्ति हो अथवा सुझाव प्रस्तुत करना हो, तो वे निर्धारित 15 दिनों की समय सीमा के भीतर संचालक, नगर तथा ग्राम निवेश मध्यप्रदेश भोपाल या सहायक संचालक, नगर तथा ग्राम निवेश जिला कार्यालय बालाघाट में लिखित रूप से प्रस्तुत कर सकते हैं। अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त होने वाले दावे, आपत्तियां एवं सुझावों पर विचार नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि उन्हें प्रस्तावित भूमि से संबंधित कोई तथ्य, सुझाव या आपत्ति प्रस्तुत करनी हो तो समय सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन प्रस्तुत करें। जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना को स्वास्थ्य एवं शिक्षा क्षेत्र की दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मेडिकल कॉलेज स्थापित होने से जिले एवं आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी, वहीं स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में भी मदद मिलेगी। भानेश साकुरे / 10 मई 2026