- एमसीएक्स पर सोना 154 रुपए टूटा, चांदी 1,600 रुपए से अधिक मजबूत नई दिल्ली (ईएमएस)। घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय वायदा बाजारों में सोमवार को बहुमूल्य धातुओं की चाल एक-दूसरे के विपरीत रही। जहां सोने के वायदा भाव में गिरावट दर्ज की गई, वहीं चांदी चमकती हुई देखी गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोना प्रति 10 ग्राम 1,52,375 रुपए के करीब कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी 2,63,600 रुपए प्रति किलोग्राम के स्तर पर मजबूत बनी हुई थी। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में भी सोने में सुस्ती और चांदी में तेजी का रुख रहा। एमसीएक्स पर सोने के जून वायदा अनुबंध में सोमवार को नरमी का रुख रहा। नवीनतम आंकड़ों के अनुसार यह अनुबंध 154 रुपए गिरकर 1,52,376 रुपए प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। सोने के विपरीत एमसीएक्स पर चांदी के जुलाई वायदा अनुबंध में शानदार तेजी देखने को मिली। खबर लिखे जाने तक यह अनुबंध 1,677 रुपए की मजबूती के साथ 2,63,599 रुपए प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रहा था। चांदी का वायदा भाव 2,64,535 रुपए पर तेजी के साथ खुला था, जबकि इसका पिछला बंद भाव 2,61,922 रुपए था। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी की चाल घरेलू बाजार के अनुरूप ही रही। कॉमेक्स पर सोना 39.50 डॉलर की गिरावट के साथ 4,691.20 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। वहीं, कॉमेक्स पर चांदी का वायदा भाव 0.52 डॉलर की तेजी के साथ 81.38 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। इस साल सोने ने 5,586.20 डॉलर और चांदी ने 121.79 डॉलर का उच्चतम स्तर छुआ था। सतीश मोरे/11मई ---