अंतर्राष्ट्रीय
11-May-2026
...


डब्ल्यूएचओ ने कहा- घबराने की जरूरत नहीं मैड्रिड,(ईएमएस)। हंटा वायरस के संक्रमण की आशंका के बीच डच ध्वज वाले क्रूज शिप एमवी होंडियस से दो भारतीय नागरिकों सहित सभी 150 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। रविवार को स्पेन के कैनरी द्वीप तट पर पहुंचने के बाद, स्पेनिश स्वास्थ्य अधिकारियों और विश्व स्वास्थ्य संगठन के कड़े प्रोटोकॉल के तहत बचाव अभियान चलाया गया। राहत की बात यह है कि जहाज पर क्रू सदस्य के रूप में कार्यरत दोनों भारतीय नागरिक पूरी तरह स्वस्थ हैं और उनमें संक्रमण के कोई लक्षण नहीं पाए गए हैं। स्पेनिश राष्ट्रीय आपातकालीन निगरानी और समन्वय केंद्र के अनुसार, भारतीय दूतावास लगातार स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में बना हुआ है। दोनों भारतीयों को आगे की स्वास्थ्य निगरानी और क्वारंटाइन के लिए नीदरलैंड भेज दिया गया है, जहां अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य सुरक्षा मानकों के तहत उनकी जांच की जाएगी। स्पेन में भारतीय राजदूत ने पुष्टि की है कि भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्थिति पर चौबीसों घंटे नजर रखी जा रही है। बचाव अभियान के दौरान स्पेन की मिलिट्री इमरजेंसी यूनिट और सिविल गार्ड ने बेहद सावधानी बरती। यात्रियों को ग्रानाडिला बंदरगाह से सीधे टेनेरिफ दक्षिण हवाई अड्डे के रनवे तक विशेष बसों के जरिए पहुंचाया गया। वहां से स्पेनिश यात्रियों को मैड्रिड भेजा गया, जबकि अन्य यात्रियों के लिए नीदरलैंड द्वारा स्वीप फ्लाइट की व्यवस्था की जा रही है। यह विमान उन लोगों को लेकर जाएगा जिन्हें उनके देशों ने अब तक वापस नहीं बुलाया है। इधर, हंटा वायरस को लेकर फैल रही आशंकाओं के बीच डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस ने स्पष्ट किया है कि यह स्थिति कोविड-19 जैसी गंभीर नहीं है। कैनरी द्वीप के निवासियों को लिखे पत्र में उन्होंने भरोसा दिलाया कि सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए खतरा फिलहाल बहुत कम है। टेड्रोस ने बताया कि डब्ल्यूएचओ के विशेषज्ञ और आवश्यक मेडिकल सप्लाई पहले से ही जहाज पर मौजूद हैं, जिससे स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। फिलहाल प्रभावित जहाज को तट से कुछ दूरी पर लंगर डालकर रखा गया है ताकि किसी भी तरह के संभावित संक्रमण के प्रसार को रोका जा सके। वीरेंद्र/ईएमएस/11मई 2026