क्षेत्रीय
11-May-2026
...


धमतरी(ईएमएस)। जिले के भखारा थाना क्षेत्र में आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मॉर्निंग वॉक पर निकले एक युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से यह घटना हुई, जिससे इलाके में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान खिलेंद्र दिवाकर के रूप में हुई है, जो हंचलपुर गांव का निवासी था। वह रोज की तरह सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकला था, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि युवक मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे इलाज के लिए धमतरी जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर भखारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके। अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी वाहन चालक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)11 मई 2026