राज्य
11-May-2026


- एक घंटे तक लाश के पास जमाए रखा पहरा सहारनपुर (ईएमएस)। नानौता कस्बे में एक गर्भवती महिला की नृशंस हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया है। नाइयों वाली गली में हुई इस वारदात के बाद आरोपी देवर आमिर हाथ में खून से सना फावड़ा लेकर करीब एक घंटे तक शव के पास खड़ा रहा। मौके पर पहुंची पुलिस भी काफी देर तक आरोपी के आक्रामक तेवर देखकर उसके पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सकी। अंततः पूर्व चेयरमैन के भाई ने साहस दिखाते हुए आरोपी को दबोचा, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। घटना के समय माहौल इतना भयावह था कि लोग दहशत के मारे दूर खड़े तमाशा देखते रहे। मृतका सना और उसके पति सलमान ने करीब सात महीने पहले प्रेम विवाह किया था, जिसका आरोपी आमिर शुरू से विरोध कर रहा था। मृतका के परिजनों का आरोप है कि यह केवल एक व्यक्ति का सनक नहीं, बल्कि पूरे ससुराल पक्ष की सोची-समझी साजिश है। मृतका की मां ने शव की हालत पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि सना के गले पर कट के निशान हैं और पेट का हिस्सा जला हुआ है। पिता का दावा है कि हत्या के वक्त सास और ननद योजनाबद्ध तरीके से घर से गायब थीं, जबकि पति सलमान खुद को बचाने के लिए साजिश के तहत थाने पहुंच गया था। सना और सलमान के बीच वर्षों से प्रेम प्रसंग था और सात महीने पहले दोनों ने घर से भागकर पुलिस की मौजूदगी में शादी की थी। शादी के बाद से ही सना का अपने मायके आना-जाना बंद था। इस हत्याकांड ने प्रेम विवाह के विरोध और सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस जघन्य अपराध में परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल थे। कस्बे में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। रामयश/ईएमएस 11 मई 2026