राज्य
11-May-2026


जयपुर (ईएमएस)। पंचायतीराज राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि राज्य सरकार समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति के कल्याण के ध्येय के साथ कार्य कर रही है। सरकार गरीब को गणेश मानकर न केवल योजनाएं बना रही है, बल्कि धरातल पर उनका प्रभावी क्रियान्वयन भी सुनिश्चित कर रही है।देवासी बूंदी जिले के हिण्डोली उपखंड क्षेत्र की डाबेटा ग्राम पंचायत में ग्राम रथ अभियान 2026 के तहत आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों को सम्बोधित कर रहे थे। राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश भर में कई जनहितैषी योजनाएं चलाकर आमजन को बड़ी राहत दी है और उनके ऐतिहासिक फैसलों ने दुनिया भर में देश का गौरव बढ़ाया हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के कल्याण के लिए शुरू की गई किसान सम्मान निधि और तारबंदी जैसी अभूतपूर्व योजनाएं मील का पत्थर साबित हो रही हैं।राज्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा हर वर्ग को राहत देने का कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि बढ़ाकर सरकार ने बुजुर्गों व बेसहारों को बड़ा संबल दिया है। उन्होंने बताया कि ग्राम रथों के माध्यम से गांव-गांव जाकर लोगों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे जागरूक बनें और केंद्र व राज्य सरकार की इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। अशोक शर्मा/ 6 बजे/ 11 मई 2026