जयपुर (ईएमएस)। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को ग्रामीण अंचल तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित ग्राम रथ अभियान के तहत विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में एलईडी ऑडियो-वीडियो मोबाइल वैन के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। अभियान के जरिए मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का संदेश भी ग्रामीणों तक पहुंचाया जा रहा है, जिसमें सुशासन, पारदर्शिता एवं अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई है। कोटा जिले के सांगोद क्षेत्र में आयोजित संध्या चौपाल में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री कन्हैयालाल चौधरी ने ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि ग्राम रथ अभियान ग्रामीणों को योजनाओं से जोडऩे का प्रभावी माध्यम बन रहा है। अभियान के जरिए महिलाओं, किसानों, मजदूरों एवं युवाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से गांवों के विकास को नई गति मिल रही है।अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देकर पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित कर रहे हैं। वहीं उपखंड एवं विकास अधिकारियों द्वारा मौके पर समस्याएं सुनकर त्वरित समाधान भी किया जा रहा है।ग्राम गन्दीफली निवासी श्रीमती सुनीता सुमन ने ग्राम रथ अभियान के दौरान बताया कि प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत उन्हें पक्का मकान बनाने के लिए 1 लाख 20 हजार रुपए की सहायता राशि मिली। योजना से उन्हें आवास निर्माण की तीनों किश्तें प्राप्त हो चुकी हैं। उन्होंने सरकार का आभार व्यक्त करते हुए इसे ग्रामीण परिवारों के लिए उपयोगी पहल बताया। उन्होंने कहा कि सभी वंचित पात्र व्यक्तियों को इस योजना से जुडऩा चाहिए।अभियान के माध्यम से कृषि, पशुपालन, डेयरी, ऊर्जा, राजस्व, पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। एलईडी वैन के जरिए ऑडियो-वीडियो सामग्री दिखाकर ग्रामीणों को योजनाओं से अवगत कराया जा रहा है। अशोक शर्मा/ 6 बजे/ 11 मई 2026