जयपुर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ग्राम रथ अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी जा रही है तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया जा रहा है। इसी क्रम में जयपुर जिले की पंचायत समिति कोटखावदा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मंडालिया मेदा में आयोजित ग्राम रथ अभियान के दौरान किसान श्री शिवदयाल गुर्जर पुत्र किशनलाल गुर्जर ने कृषि विभाग की पाइपलाइन योजना से मिले लाभ को साझा किया।उन्होंने बताया कि पहले खेतों में सिंचाई के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा पाइपलाइन योजना की जानकारी मिलने पर उन्होंने ऑनलाइन आवेदन किया तथा विभागीय स्वीकृति मिलने के बाद खेत में पाइपलाइन स्थापित करवाई। योजना का लाभ मिलने के बाद अब सिंचाई कार्य आसान हो गया है और पानी का समुचित उपयोग हो रहा है। इससे समय और श्रम की बचत होने के साथ-साथ फसल उत्पादन में भी वृद्धि हुई है। किसान ने बताया कि अब उन्हें सिंचाई के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होती और खेती का कार्य पहले की तुलना में अधिक सुगम हो गया है। अशोक शर्मा/ 6 बजे/ 11 मई 2026