राष्ट्रीय
11-May-2026


सैंपल पेपर केरल से राजस्थान के सीकर लाया गया जयपुर (ईएमएस)। लाखों मेडिकल छात्रों के भविष्य से जुड़ी नीट यूजी 2026 परीक्षा फिर विवादों में घिर गई है। परीक्षा से पहले कथित तौर पर पेपर लीक होने की आशंकाओं ने छात्रों और अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। राजस्थान में सामने आए एक मामले में दावा हो रहा है कि एक ‘सैंपल पेपर’ में 140 सवाल नीट यूजी 2026 परीक्षा के असली सवालों से हूबहू मिलते थे, जिसे लाखों रुपये में बेचा गया था। रिपोर्ट्स के अनुसार, राजस्थान और उत्तराखंड से नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (नीट) को ऐसी जानकारी मिली थी कि परीक्षा से पहले कुछ छात्रों के बीच एक ‘गेस पेपर’ या ‘सैंपल पेपर’ बांटा गया था। जांच में खुलासा हुआ कि इस पेपर के 300 सवालों में से करीब 140 सवाल मुख्य परीक्षा से काफी हद तक मेल खाते थे। मामले की गंभीरता को देखकर एनटीए ने केंद्रीय जांच एजेंसियों और राजस्थान पुलिस को इसकी सूचना दी। अब राजस्थान एटीएस और एसओजी इसकी जांच कर रही हैं। एसओजी की जांच में यह भी सामने आया है कि सैंपल पेपर केरल से राजस्थान के सीकर लाया गया था, जिससे एक बड़े नेटवर्क की संलिप्तता का संदेह गहरा गया है। जांच एजेंसियां कई जगहों पर छापेमारी कर रही हैं ताकि इस रैकेट में शामिल लोगों का पता लगाया जा सके। हालांकि, अभी तक यह पूरी तरह साफ नहीं हुआ है कि असली पेपर लीक हुआ था या यह पुराने पैटर्न पर तैयार किया गया एक बेहद सटीक गेस पेपर था। हालांकि एनटीए ने अपनी सफाई में कहा है कि नीट यूजी 2026 परीक्षा पूरी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराई गई थी, जिसमें बायोमैट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी और प्रश्न पत्रों का सुरक्षित संचालन जैसी कई परतें शामिल थीं। एजेंसी ने 8 मई को ही इस मामले की जानकारी जांच एजेंसियों को सौंप दी थी और पूरी जांच होने तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले इंतजार करने को कहा है। यह विवाद एक बार फिर देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा की पारदर्शिता पर सवाल खड़े करता है, खासकर जब पिछले वर्षों में भी नीट को लेकर ऐसी अनियमितताओं के आरोप सामने आते रहे हैं। लाखों उम्मीदवारों का भविष्य जांच एजेंसियों की रिपोर्ट पर निर्भर करेगा। आशीष दुबे / 11 मई 2026