कटनी (ईएमएस)। स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 के निर्धारित मानकों के अनुरूप शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सोमवार प्रातः जिला स्तरीय अधिकारियों एवं नोडल अधिकारियों द्वारा विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया। भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने निगम प्रशासन द्वारा की जाने वाली प्रातः कालीन दैनिक सफाई व्यवस्था के तहत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सार्वजनिक स्थलों की सफाई, कचरा पृथक्करण व्यवस्था एवं सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति का निरीक्षण किया। जिन स्थानों पर स्वच्छता संबंधी कमियां पाई गईं, वहां संबंधित क्षेत्रीय अमले को तत्काल सुधार हेतु निर्देशित किया गया। दैनिक सफाई व्यवस्था के दौरान नगर के विभिन्न मुख्य मार्ग , वार्डो की मुख्य एवं अन्य गलियों सहित नगर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों, स्टेशन रोड मुख्य मार्ग, बरही रोड, गोल बाजार, झंडा बाजार, सुभाष चौक से मिशन चौक, जिला चिकित्सालय मार्ग, वेंकट लाइब्रेरी परिसर घंटाघर मार्ग, बस स्टैंड परिसर, बरगवां मुख्य मार्ग, खिरहनी फाटक अंडर ब्रिज, बरगवां ओव्हर ब्रिज सहित नगर की सुंदरता को दृष्टिगत रखते हुए मुख्य मार्ग के डिवाइडर की सफाई का कार्य कराया गया। जन जागरूकता अभियान आयोजित निगम प्रशासन द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 के अंतर्गत शहर में स्वच्छता के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने हेतु लगातार विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में निगम की आईईसी टीम द्वारा वार्ड क्रमांक 22 गुरुनानक वार्ड स्थित गोल बाजार एवं वार्ड क्रमांक 26 महारानी लक्ष्मी बाई वार्ड स्थित चौपाटी क्षेत्र में रात्रिकालीन स्वच्छता जन जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान दुकानदारों एवं आम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए दुकानों के बाहर गीले एवं सूखे कचरे के लिए पृथक-पृथक डस्टबिन रखने, कचरे का स्रोत स्तर पर पृथक्करण करने तथा आसपास साफ-सफाई बनाए रखने हेतु समझाइश दी गई। आईईसी टीम द्वारा नागरिकों से स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 के अंतर्गत नगर की स्वच्छता व्यवस्था के संबंध में सकारात्मक फीडबैक भी प्राप्त किया गया। साथ ही नागरिकों से नगर निगम के स्वच्छता प्रयासों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील करते हुए स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ कटनी निर्माण में सहयोग करने का आग्रह किया गया। ईएमएस / 11/05/2026