11-May-2026
...


- भविष्य की चुनौतियों से निपटने सतर्कता जरुरी- मंत्री सारंग पीएम के ईंधन बचाने और सोना न खरीदने के आह्वान का किया समर्थन प्रभारी मंत्री श्री सारंग ने ली भाजपा कोर कमेटी और मंडल अध्यक्षों की बैठक शासन की योजनाओं के प्रचार-प्रसार और संगठन मजबूती पर दिया जोर खरगोन (ईएमएस) । प्रदेश सरकार के सहकारिता एवं खेल विभाग मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग सोमवार को जिले के प्रवास पर पहुंचे। मंत्री श्री सारंग के सुबह 11 बजे डायवर्सन रोड़ स्थित सर्किट हाउस पहुंचने पर भाजपा-पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पुष्पमालाओं से स्वागत- सत्कार किया। इसके बाद मंत्री श्री सारंग ने भाजपा कोर कमेटी के साथ ही मंडल अध्यक्षों से मुलाकात कर बैठक ली। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं निमाड़ संभाग प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, खरगोन-बड़वानी सांसद गजेंद्र पटेल, खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, जिला पंचायत अध्यक्ष अनुबाई तंवर, खरगोन विधायक बालकृष्ण पाटीदार, कसरावद विधायक सचिन बिरला शामिल रहे। बैठक के दौरान मंत्री सारंग ने पीएम नरेंद्र मोदी के ईंधन बचाने, सोना न खरीदने के आह्वान का समर्थन करते हुए कहा कि एशियाई देशों में चल रहे युद्ध के चलते वैश्विक स्तर पर महंगाई बढ़ रही है। देश की अर्थव्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता जरुरी है। ईंधन और सोना आयात होने से महंगाई बढ़ती है। यदि हम सीमित संसाधनों का उपयोग करें तो यह छोटी-छोटी बचत, मजबूत अर्थव्यवस्था बनाए रखने का माध्यम बनेगी। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से भी आह्वान किया कि वे महंगी शादी या फिजुलखर्ची आज से ही बंद करने का संकल्प लें। मंत्री श्री सारंग ने बैठक में संगठन पदाधिकारियों सहित मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक में संगठनात्मक मजबूती, सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति को लेकर चर्चा की। उन्होंने सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। मंडल अध्यक्षों ने बैठक में क्षेत्रीय समस्याओं की जानकारी देने के साथ ही संगठनात्मक चर्चा की। प्रभारी मंत्री ने मंडल अध्यक्षों को आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार सबका साथ-सबका विकास को लेकर संकल्पित है, यदि किसी भी क्षेत्र में प्रशासनिक स्तर पर कमियां नजर आती है तो उसे दुरुस्त कर आमजन तक योजनाओं एवं सुविधाओं को पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में संभाग प्रभारी श्री शर्मा ने आगामी 17 एवं 18 मई को शहर में होने वाले जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने कहा यह प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही विपक्ष के झूठ और भ्रामक प्रचार-प्रसार को उजागर करने में महत्वपूर्ण साबित होगा। बैठक में जिला प्रभारी संगीता सोनी, जिला उपाध्यक्ष शंभू सिंह मनहर, जिला उपाध्यक्ष प्रभा राठौड़, जिला उपाध्यक्ष शालिनी रतोरिया, महामंत्री विवेक भटोरे, प्रकाश पाटीदार, महामंत्री हरेसिंह चावड़ा, मंडल अध्यक्ष अभिलाष अत्रे, भुपेद्र पाटीदार, अजय राठौर, पश्चिम मंडल अध्यक्ष, सोहन यादव, आशीष राठौर, प्रहलाद राठौर, बंटी राठौर सहित जिले के सभी 28 मंडलों के अध्यक्ष के साथ ही पूर्व विधायक आत्माराम पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र राठौर, दिलीप जोशी, केआर शर्मा, यशवंत यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी कांतिलाल कर्मा ने बताया इन बैठकों में मुख्य रूप से बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों व उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि मंडल ही संगठनात्मक कार्यक्रमों, अभियानों के प्रभावी क्रियान्वयन का प्रमुख केन्द्र है। ईएमएस / 11/05/2026