खेल
11-May-2026
...


:: ऑल इंडिया टैलेंट सीरीज जूनियर टेनिस टूर्नामेंट में एमपी के खिलाड़ियों का रहा बोलबाला :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश टेनिस संघ द्वारा इंदौर टेनिस क्लब में आयोजित की जा रही प्योरशोर ऑल इंडिया टैलेंट सीरीज जूनियर टेनिस टूर्नामेंट के मुख्य दौर में मेजबान खिलाड़ियों ने शानदार शुरुआत की है। स्पर्धा के पहले दिन मध्य प्रदेश के अनन्त यादव, ऋगवेद मालसे और राजवीर राय ने अपने-अपने कड़े मुकाबलों में प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ते हुए प्री-क्वार्टर फाइनल में स्थान पक्का कर लिया। टूर्नामेंट का औपचारिक शुभारंभ एनी बेसेंट ग्रुप के अध्यक्ष मोहित यादव, इंदौर टेनिस क्लब के ट्रस्टी अभिमन्यु सिंह गढ़ा और म.प्र. टेनिस संघ के संयुक्त सचिव अर्जुन धूपर के आतिथ्य में हुआ, जबकि समारोह का संचालन इरफान अहमद ने किया। बालक वर्ग के 14 वर्ष आयु समूह के पहले दौर के मैचों में अनन्त यादव ने वंश खण्डेलवाल को सीधे सेटों में 6-1, 6-2 से पराजित कर अपनी लय जाहिर की। वहीं ऋगवेद मालसे ने नैतिक जैन के विरुद्ध 6-3, 6-1 से जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। राजवीर राय ने शिवांश पाण्डेय के खिलाफ कड़ा संघर्ष करते हुए 6-3, 6-4 से सफलता पाई। महाराष्ट्र के शौर्य सूद ने अरभ गुप्ता को 6-4, 6-4 से मात दी, जबकि रेयांश पटेल ने अयान केड़ीया को 6-1, 6-1 से हराकर आसान जीत दर्ज की। अराध्य पाटिल ने महाराष्ट्र के विहान सावरे को 6-1, 6-2 से और अर्जुन धर्माधिकारी ने अदवेथ रायबोले को 6-0, 6-1 से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया। स्पर्धा के अन्य परिणामों में शौर्य माखीजा ने शिवम ठाकुर को 7-5, 6-3 से हराया, जबकि विहान नवाब ने अदविक गुरू को 6-1, 6-2 से शिकस्त दी। गुजरात के अरहम उदानी ने मितान्त झामनानी को 6-0, 6-3 से हराकर अपनी दावेदारी मजबूत की। टूर्नामेंट के अगले दौर के मुकाबले अब और भी रोमांचक होने की उम्मीद है, जहाँ खिलाड़ियों के बीच श्रेष्ठता की जंग देखने को मिलेगी। प्रकाश/11 मई 2026