खेल
11-May-2026


धर्मशाला (ईएमएस)। धर्मशाला में आईपीएल के एक मुकाबले में पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 210 रन का स्कोर खड़ा कर दिया। पंजाब की शुरुआत आक्रामक रही। प्रियांश आर्या ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 33 गेंदों पर 56 रन बनाए। उनकी पारी में 2 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। वहीं प्रभसिमरन सिंह ने 15 गेंदों पर 18 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने मोर्चा संभाला और शानदार अंदाज में नाबाद 59 रन की पारी खेली। उन्होंने 36 गेंदों का सामना करते हुए 5 चौके और 3 छक्के लगाए। मध्यक्रम में कूपर कोन्नोल्ली ने भी अहम योगदान देते हुए 27 गेंदों पर 38 रन बनाए। आखिरी ओवरों में सूर्यांश शेड़गे ने सिर्फ 8 गेंदों पर नाबाद 21 रन ठोककर दिल्ली के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। दिल्ली की ओर से गेंदबाजी में माधव तिवारी सबसे सफल रहे। उन्होंने 4 ओवर में 40 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। वहीं मिचेल स्टार्क को भी 2 सफलताएं मिलीं, लेकिन उन्होंने 4 ओवर में 57 रन लुटा दिए। मुकेश कुमार को 1 विकेट मिला। सुबोध/११-०५-२०२६