खेल
11-May-2026
...


:: बोले दिग्गज क्रिकेटर- खेलों के प्रोत्साहन के लिए मध्यप्रदेश में हो रहा सराहनीय कार्य, मार्गदर्शन को हूँ तत्पर :: इंदौर/भोपाल (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट के गौरव और 1983 विश्व कप विजेता टीम के कप्तान कपिल देव ने सोमवार शाम मुख्यमंत्री निवास (समत्व भवन) पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सौजन्य भेंट की। इस मुलाकात के दौरान प्रदेश के खेल परिदृश्य और खिलाड़ियों को मिल रही सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। हरियाणा हरिकेन के नाम से विख्यात कपिल देव ने मध्यप्रदेश में खेलों के विकास के लिए अपना अनुभव और मार्गदर्शन साझा करने की इच्छा जताई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चर्चा के दौरान कपिल देव को प्रदेश सरकार द्वारा खेल क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों और स्टेडियमों के आधुनिकरण की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य मध्यप्रदेश को देश का स्पोर्ट्स हब बनाना है, जिसमें दिग्गज खिलाड़ियों का अनुभव मील का पत्थर साबित होगा। :: क्रिकेट के साथ अन्य खेलों पर भी जोर :: प्रख्यात ऑलराउंडर कपिल देव ने मध्यप्रदेश में खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में केवल क्रिकेट ही नहीं, बल्कि अन्य खेलों को भी बढ़ावा देने के लिए बेहतर वातावरण तैयार किया जा रहा है। कपिल देव ने भरोसा दिलाया कि वे प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करने में हर संभव सहयोग देंगे। :: मार्गदर्शन के लिए सदैव तैयार :: कपिल देव ने मुख्यमंत्री से कहा कि वे मध्यप्रदेश के उभरते क्रिकेटरों को तकनीकी बारीकियां सिखाने और उनके कौशल को तराशने के लिए सदैव तत्पर हैं। गौरतलब है कि कपिल देव जैसे महान खिलाड़ी का प्रदेश की खेल नीति और खिलाड़ियों के साथ जुड़ना आने वाले समय में मध्यप्रदेश के खेल जगत के लिए बड़े बदलाव का संकेत है। मुख्यमंत्री ने इस भेंट के दौरान कपिल देव का गर्मजोशी से स्वागत किया और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया। प्रकाश/11 मई 2026