सिडनी (ईएमएस)। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम मिचेल मार्श की कप्तानी में पाकिस्तान और बांग्लादेश का दौरा करेगी। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने अब तक टी20 टीम की कप्तानी कर रहे मार्श को अब एकदिवसीय की भी कमान सौंपी है। ऑस्ट्रेलियाई टीम इस माह पाकिस्तान में तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज खेलेगी। इसके बाद उसे बांग्लादेश में तीन एकदिवीसय और तीन टी20 मैचों की सीरीज खेलनी है। ऑस्ट्रेलियाई टीम के कई खिलाड़ी अभी आईपीएल खेलने में व्यस्त हैं। ऐसे में मार्श को अवसर दिया गया है। ऑस्ट्रेलियाई टीम पाकिस्तान में तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज जबकि बांग्लादेश में 3-3 मैचों की एकदिवसीय और टी20 सीरीज खेलेगी। मार्श की टीम लखनऊ सुपरजायंटस आईपीएल से पहले ही बाहर हो गयी है। ऐसे में मिचेल पूरे समय के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए उपलब्ध रहेंगे और इस कारण से भी उन्हें कप्तानी मिली है। वहीं, नियमित कप्तान पैट कमिंस, जोश हेजलवुड और मिचेल स्टार्क जैसे कई प्रमुख खिलाड़ी आईपीएल की व्यस्तताओं के चलते इन दौरों से बाहर रहेंगे। ये खिलाड़ी 31 मई तक आईपीएल में व्यस्त रह सकते हैं। मार्श के अलावा जोश इंग्लिस भी तीनों दौरों के लिए उपलब्ध हैं, क्योंकि उनकी आईपीएल टीम लखनऊ सुपर जायंट्स भी प्लेऑफ से बाहर हो गई है। हालांकि, कैमरून ग्रीन, जिनकी टीम कोलकाता नाइट राइडर्स अभी भी प्लेऑफ की दौड़ में है चयन समिति ने उन्हें टीम में जगह दी है। वहीं युवा प्रतिभाओं को अवसर देते हुए, अंडर-19 टीम के कप्तान ओली पीक को पाकिस्तान दौरे के लिए वनडे टीम में शामिल किया गया है। वह बांग्लादेश दौरे का हिस्सा नहीं होंगे, क्योंकि आईपीएल में शामिल अन्य खिलाड़ी तब तक टीम से जुड़ जाएंगे। ग्लेन मैक्सवेल और मार्कस स्टोइनिस, जो एकदिवसीय क्रिकेट से अलविदा कह चुके हैं, को टी20 टीम में जगह नहीं मिली है। इसके अलावा अनुभवी स्टीव स्मिथ भी इस बार टीम से बाहर हैं। वहीं, ट्रैविस हेड, कूपर कोनोली, बेन ड्वारशुइस और ज़ेवियर बार्टलेट आईपीएल प्ले ऑफ मैचों के कारण पाकिस्तान दौरे के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। हालांकि, वे 9 जून से शुरू होने वाली बांग्लादेश सीरीज के लिए एकदिवसीय टीम से वापस जुड़ जाएंगे। ऑस्ट्रेलियाई चयनकर्ताओं ने खिलाड़ियों की उपलब्धता और सीरीज के प्रारुप के अनुसार दोनों दौरों के लिए अलग-अलग टीमें घोषित की हैं। पाकिस्तान में एकदिवसीय सीरीज के लिए मिचेल मार्श की कप्तानी में एलेक्स कैरी, मार्नस लाबुशेन, मैथ्यू रेनशॉ और एडम जैम्पा जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के साथ-साथ नाथन एलिस और ओली पीक जैसे युवा चेहरों को शामिल किया गया है। वहीं बांग्लादेश में एकदिवसीय सीरीज के लिए ज़ेवियर बार्टलेट, कूपर कोनोली और ट्रैविस हेड जैसे खिलाड़ी टीम से जुड़ेंगे, जिससे टीम और बेहतर होगी। बांग्लादेश में होने वाली टी20 सीरीज के लिए भी मिचेल मार्श की अगुवाई में टिम डेविड, जोएल डेविस और स्पेंसर जॉनसन जैसे खिलाड़ियों को मौका दिया गया है, जो टीम में अनुभव और युवा जोश का संतुलन बनाते हैं। यह दौरे ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के नए खिलाड़ियों के लिए अपने को साबित करने का अवसर होगा। गिरजा/ईएमएस 12 मई 2026