- चालक ने कूदकर बचाई जान कोरबा (ईएमएस) कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर ग्राम पंचायत पुराना पहंदा के पास अर्ध रात्रि एक सड़क हादसा घटित हो गया। जानकारी के अनुसार कोरबा की ओर से आ रहा कोयला लोड ट्रैलर वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर के बीच जा घुसा। घटना रात करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार डिवाइडर से टकराते ही ट्रैलर में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह जलने लगा। हादसे में ट्रैलर का इंजन और सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि टायर सहित कई हिस्से जलकर खाक हो गए।चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए किसी तरह समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हादसे के बाद ट्रैलर घंटों तक जलता रहा। स्थानीय लोगों और मौके पर पहुंची टीम की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप लगाते हुए कहना है कि कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर लगी स्ट्रीट और हाईमास्ट लाइटें अक्सर बंद रहती हैं। ग्रामीणों के मुताबिक अंधेरा होने के कारण चालक को डिवाइडर दिखाई नहीं दिया, जिससे यह हादसा हुआ। लोगों ने सड़क पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था की मांग की है।हालांकि इस भीषण हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन समय रहते चालक के बाहर निकल जाने से एक बड़ा हादसा टल गया। 12 मई / मित्तल