राष्ट्रीय
12-May-2026
...


तमिलनाडु के सीएम विजय का बड़ा ऐलान चैन्नई,(ईएमएस)। तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेते ही सी जोसेफ विजय पूरी तरह से एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। पदभार संभालते ही उन्होंने एक दूरगामी और कड़ा फैसला लेते हुए राज्य में शराब की बिक्री पर नकेल कसने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने आदेश जारी किया है कि राज्य में पूजा स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों (स्कूलों) और बस अड्डों के आसपास 500 मीटर के दायरे में आने वाली सभी सरकारी शराब की दुकानें तत्काल प्रभाव से बंद कर दी जाएं। इस सख्त आदेश को लागू करने के लिए प्रशासन को महज दो सप्ताह का समय दिया गया है। मुख्यमंत्री विजय की यह सक्रियता शपथ ग्रहण समारोह के मंच पर ही दिखने लगी थी, जहाँ उन्होंने अपने चुनावी वादों को अमलीजामा पहनाने के लिए तीन महत्वपूर्ण फाइलों पर हस्ताक्षर किए। उनके पहले फैसलों में आम जनता को राहत देते हुए 200 यूनिट मुफ्त बिजली प्रदान करने का आदेश शामिल है। इसके अलावा, महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने एक स्पेशल टास्क फोर्स के गठन को मंजूरी दी है। तीसरा महत्वपूर्ण फैसला नशे की बढ़ती समस्या से निपटने के लिए हर जिले में एक विशेष बल तैनात करने का है, जिससे राज्य के युवाओं को सुरक्षित वातावरण मिल सके। सोमवार को तमिलनाडु विधानसभा में शपथ ग्रहण का नजारा भी बेहद दिलचस्प रहा। मुख्यमंत्री विजय के साथ उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों एन आनंद, आधव अर्जुन, अरुणराज, और अन्य मंत्रियों ने पद की शपथ ली। इसके बाद विपक्षी दल के नेता उदयनिधि स्टालिन, पूर्व मुख्यमंत्री पलानीस्वामी और ओ. पनीरसेल्वम ने भी विधायक के रूप में शपथ ग्रहण की। सदन में शपथ लेने के दौरान आस्था और निष्ठा के अलग-अलग रूप देखने को मिले, जहाँ विजय और पनीरसेल्वम जैसे नेताओं ने पूर्ण निष्ठा के नाम पर तो पलानीस्वामी ने ईश्वर के नाम पर शपथ ली। शपथ ग्रहण के दौरान कुछ तकनीकी अड़चनें भी सामने आईं। मंत्री कीर्तना शुरुआत में अपना निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्रस्तुत नहीं कर सकीं, जिसके कारण उन्हें वापस जाकर दस्तावेज लाने पड़े। इसी प्रकार, वेलाचेरी से विधायक आर. कुमार के प्रमाण-पत्र पर किसी अन्य का नाम दर्ज होने के कारण अधिकारियों ने उन्हें शपथ लेने से रोक दिया। इन छोटी बाधाओं के बावजूद, सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से आगे बढ़ी। नए मुख्यमंत्री के इन शुरुआती फैसलों ने राज्य की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है और जनता के बीच सरकार की नई कार्यशैली को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। वीरेंद्र/ईएमएस/12मई 2026