नई दिल्ली,(ईएमएस)। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल में मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) मनोज कुमार अग्रवाल को राज्य का मुख्य सचिव नियुक्त करने पर भाजपा की सुवेंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने नियुक्ति को भाजपा और चुनाव आयोग के चोर बाजार का हिस्सा बताया, जहाँ जितनी बड़ी चोरी, उतना बड़ा इनाम मिलता है। दरअसल पश्चिम बंगाल सरकार ने एक अधिसूचना जारी कर मनोज कुमार अग्रवाल (आईएएस 1990) को अगले आदेश तक राज्य का मुख्य सचिव नियुक्त करने की घोषणा की थी। यह नियुक्ति तब हुई है जब राज्य विधानसभा चुनावों से पहले तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और कांग्रेस दोनों ने चुनाव आयोग पर भाजपा के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया था। मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन को लेकर टीएमसी और चुनाव आयोग के बीच विवाद भी सुर्खियों में रहा था। 2026 के विधानसभा चुनावों में भाजपा ने 294 सदस्यीय विधानसभा में 206 सीटें जीतकर निर्णायक जनादेश हासिल किया, जिससे टीएमसी का 15 साल का शासन समाप्त हो गया। टीएमसी को 80 सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस ने केवल दो सीटें जीतीं। चुनाव में जीत के बाद, सुवेंदु अधिकारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में पश्चिम बंगाल के नौवें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। आशीष दुबे / 12 मई 2026