रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर से लगे नया रायपुर स्थित ट्रिपल आईटी (IIIT) परिसर में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। शातिर चोरों ने हॉस्टल में घुसकर करीब 15 लैपटॉप पार कर दिए। घटना के बाद संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मामला राखी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी कामकाज का बहाना बनाकर हॉस्टल परिसर में दाखिल हुए थे। उस समय अधिकांश छात्र परीक्षा देने के लिए बाहर गए हुए थे। इसी मौके का फायदा उठाकर चोरों ने कमरों को निशाना बनाया और एक के बाद एक कई लैपटॉप चोरी कर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि पूरी वारदात बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई। चोर बिना किसी रोक-टोक के हॉस्टल में पहुंचे और सामान लेकर आसानी से निकल गए। घटना के बाद छात्रों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। छात्रों का कहना है कि परिसर में सुरक्षा व्यवस्था नाम मात्र की है और बाहरी लोगों की एंट्री पर पर्याप्त निगरानी नहीं रखी जाती। घटना का एक आरोपी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। फुटेज में संदिग्ध व्यक्ति हॉस्टल परिसर में घूमता नजर आ रहा है। पुलिस अब उसी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। ट्रिपल आईटी प्रबंधन की ओर से राखी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है और हॉस्टल स्टाफ समेत छात्रों से पूछताछ की जा रही है। इस घटना के बाद संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। छात्रों और अभिभावकों ने हॉस्टल में सुरक्षा बढ़ाने, प्रवेश व्यवस्था को सख्त करने और चौबीस घंटे निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है। - (ईएमएस)12 मई 2026