12-May-2026
...


ठाणे, (ईएमएस)। मुंबई से सटे ठाणे जिला ने राष्ट्रीय लोक अदालत में शानदार प्रदर्शन करते हुए 29,392 मामलों का निपटारा कर राज्य में पहला स्थान हासिल किया है। इसके साथ ही जिले ने लगातार पांचवीं बार यह उपलब्धि अपने नाम की है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) के सचिव रवींद्र एस. पाजंकर ने बताया कि शनिवार को आयोजित लोक अदालत में 12,186 लंबित मामलों और 17,206 प्री-लिटिगेशन विवादों का समाधान किया गया। इन मामलों में कुल 63.42 करोड़ रुपये के समझौते किए गए। उन्होंने कहा कि लोक अदालत और मध्यस्थता प्रक्रिया न्यायिक विवादों के त्वरित और स्थायी समाधान का सबसे प्रभावी माध्यम है, जिससे लोगों का समय और पैसा दोनों बचते हैं। इस दौरान 30 साल से अधिक समय से लंबित 567 पुराने मामलों का भी निपटारा किया गया। वहीं, मोटर दुर्घटना मुआवजे के 120 मामलों में पीड़ित परिवारों को 15.64 करोड़ रुपये की राहत राशि प्रदान की गई। लोक अदालत में 30 वैवाहिक विवादों का समाधान भी किया गया। इसके अलावा 6,983 ट्रैफिक चालान और 1,146 चेक बाउंस मामलों का निपटारा हुआ। अधिकारियों के अनुसार, छोटे आपराधिक मामलों में 8,700 से अधिक आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया, जिससे 81.19 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। - १२ मई/२०२६/ईएमएस