12-May-2026
...


मुंबई, (ईएमएस)। महाराष्ट्र में स्थानीय स्वराज संस्थाओं के चुनाव पूरे होने के बाद अब विधान परिषद की रिक्त सीटों पर चुनाव का रास्ता साफ हो गया है। राज्य में विधान परिषद की 17 खाली सीटों के लिए अगले सप्ताह चुनाव कार्यक्रम घोषित होने की संभावना जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि आगामी मानसून सत्र से पहले ये चुनाव कराए जा सकते हैं। दरअसल, स्थानीय स्वराज संस्थाओं के चुनाव लंबे समय तक लंबित रहने के कारण विधान परिषद की कई सीटें खाली थीं। संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों से चुने गए सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होने के बावजूद चुनाव नहीं हो पाए थे, जिसके चलते करीब ढाई साल से ये सीटें रिक्त पड़ी थीं। अब हाल ही में स्थानीय स्वराज संस्थाओं के चुनाव संपन्न होने के बाद स्थिति बदल गई है। नियमों के अनुसार, किसी स्थानीय स्वराज संस्था निर्वाचन क्षेत्र में कुल मतदाताओं के कम से कम 75 प्रतिशत मतदाता उपलब्ध होने पर विधान परिषद चुनाव कराया जा सकता है। यह शर्त पूरी होने के बाद चुनाव प्रक्रिया शुरू होने की संभावना बढ़ गई है। मालूम हो कि महाराष्ट्र विधान परिषद की कुल सदस्य संख्या 78 है, जिनमें से 22 सदस्य स्थानीय स्वराज संस्था निर्वाचन क्षेत्रों से चुने जाते हैं। इनमें फिलहाल 17 सीटें खाली हैं, जिन पर चुनाव होने की संभावना है। जिन सीटों पर चुनाव होने की संभावना अहिल्यानगर, सोलापुर, ठाणे, जलगांव, सांगली-सातारा, नांदेड़, यवतमाल, पुणे, भंडारा-गोंदिया, रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग, नासिक, वर्धा-चंद्रपुर-गढचिरोली, परभणी-हिंगोली, अमरावती, धाराशिव-लातूर-बीड, संभाजीनगर-जालना एवं नागपुर। इन चुनावों पर राज्य के प्रमुख राजनीतिक दलों की नजर टिकी हुई है, क्योंकि स्थानीय स्वराज संस्थाओं में बने सत्ता समीकरणों का सीधा असर विधान परिषद की राजनीति पर पड़ सकता है। माना जा रहा है कि अगर मानसून सत्र से पहले चुनाव संपन्न हो जाते हैं, तो विधान परिषद का राजनीतिक समीकरण भी बदल सकता है। - १२ मई/२०२६/ईएमएस