राज्य
12-May-2026


- नई सरकार का बड़ा फैसला, पूर्ववर्ती सरकार का लोगो हटाया गया कोलकाता (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के साथ ही सरकारी कामकाज के प्रतीकों में बड़ा बदलाव शुरू हो गया है। भाजपा की नई सरकार ने पूर्ववर्ती ममता बनर्जी सरकार द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले ब अक्षर वाले विशिष्ट लोगो को हटाने का निर्णय लिया है। अब राज्य की सभी आधिकारिक वेबसाइटों, सरकारी दस्तावेजों और मंत्रियों व अधिकारियों के लेटरहेड से इस लोगो को पूरी तरह हटाकर भारत सरकार के अधिकारिक प्रतीक अशोक स्तंभ का इस्तेमाल शुरू कर दिया गया है। गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा डिजाइन किए गए इस गोलाकार ब वाले लोगो के साथ शीर्ष पर छोटे आकार में अशोक स्तंभ का प्रयोग होता था। नई व्यवस्था के तहत अब केवल बड़े आकार के अशोक स्तंभ को ही आधिकारिक पहचान के रूप में जगह दी गई है। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में सभी पत्राचार और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर केवल इसी राष्ट्रीय चिन्ह का उपयोग किया जाएगा। इस बदलाव को सरकार की नई कार्यशैली और प्रशासनिक पहचान से जोड़कर देखा जा रहा है। रामयश/ईएमएस 12 मई 2026