मेहसाणा (ईएमएस)| गुजरात के महेसाणा-राजस्थान हाईवे पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बड़ी दाऊ गांव के पास तेज रफ्तार से दौड़ रही एक निजी लग्जरी बस के चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस डिवाइडर पार कर रॉन्ग साइड में पहुंच गई और सामने से आ रहे केले से भरे ट्रक से जा टकराई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, यह भीषण दुर्घटना रात करीब 3 बजे हुई। राजपीपला से राजस्थान के जोधपुर जा रहा एक ट्रक बड़ी मात्रा में केले लेकर गुजर रहा था। इसी दौरान अहमदाबाद की ओर जा रही एक निजी लग्जरी बस बड़ी दाऊ गांव के पास अचानक अनियंत्रित हो गई। बस की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह हाईवे के बीच बने डिवाइडर को पार करते हुए रॉन्ग साइड में पहुंच गई। सामने से अपनी सही लेन में आ रहे ट्रक चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और बस सीधे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस सड़क किनारे कांटेदार झाड़ियों में जा घुसी। वहीं ट्रक में लदे केले के बॉक्स फटने से पूरा हाईवे केले से पट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग और अन्य वाहन चालक तुरंत मदद के लिए पहुंचे। दुर्घटना में बस में सवार दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 13 लोग घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। ट्रक चालक तुलसीराम ने बताया कि “हम राजपीपला से केले लेकर जोधपुर जा रहे थे। रात में हम अपनी लेन में धीरे-धीरे चल रहे थे, तभी अचानक सामने से एक लग्जरी बस डिवाइडर कूदकर हमारी लाइन में आ गई। मैंने ट्रक को साइड में लेने की कोशिश की, लेकिन बस सीधे आकर टकरा गई। अगर बस चालक थोड़ा सावधान रहता तो हादसा टल सकता था। मुझे और मेरे साथी को भी हाथ-पैर में चोटें आई हैं।” घटना की सूचना मिलते ही महेसाणा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। हाईवे पर बिखरे केले और क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटाकर यातायात बहाल किया गया। फिलहाल पुलिस ने बस चालक के खिलाफ लापरवाही और दुर्घटना का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। सतीश/12 मई