लखनऊ,(ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से समाजवादी पार्टी के सांसद अजेन्द्र सिंह लोधी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने के मामले में पुलिस ने उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई भारतीय जनता पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी की तहरीर पर शहर कोतवाली में की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 132, 189(2), 352 और 196(1) के तहत सांसद और उनके अज्ञात समर्थकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूरी घटना बीते सोमवार की है, जब सपा सांसद अजेन्द्र सिंह लोधी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता बिजली कटौती, स्मार्ट मीटर और बढ़ती महंगाई जैसे मुद्दों को लेकर जिला कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर रहे थे। राज्यपाल को संबोधित 11 सूत्रीय ज्ञापन सौंपने पहुंचे सांसद ने प्रदर्शन के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री के खर्चों में कटौती संबंधी अपील को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी थी। इसी दौरान उन्होंने कथित तौर पर प्रधानमंत्री के प्रति अभद्र और असंसदीय भाषा का प्रयोग किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। भाजपा ने इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन बताते हुए कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। इस मामले पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति एक सांसद द्वारा की गई असंसदीय टिप्पणी न केवल अशोभनीय और अक्षम्य है, बल्कि यह भारतीय लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर भी गंभीर आघात है। मुख्यमंत्री ने सपा सांसद के इस कृत्य को राजनीतिक कुसंस्कार और वैचारिक दिवालियापन का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह टिप्पणी 145 करोड़ देशवासियों के जनादेश और विश्वास का अपमान है और देश की जनता ऐसे अमर्यादित आचरण का उत्तर समय आने पर अवश्य देगी। वीरेंद्र/ईएमएस/12मई 2026