जबलपुर,(ईएमएस)। टीएमसी सांसद और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी को हाईकोर्ट ने कड़ी चेतावनी दी है। अदालत ने स्पष्ट कहा कि अगली सुनवाई में यदि उनकी ओर से बहस नहीं हुई तो गिरफ्तारी पर लगी अंतरिम रोक हटा दी जाएगी। मामला पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय द्वारा दायर मानहानि केस से जुड़ा है। आरोप है कि नवंबर 2020 में कोलकाता की एक सभा में अभिषेक बनर्जी ने आकाश विजयवर्गीय को “गुंडा” कहा था। इसी बयान को लेकर 2021 में विशेष अदालत में परिवाद दायर किया गया था। सुनवाई के दौरान बनर्जी पक्ष ने सांसद होने और फरार होने की आशंका नहीं होने का तर्क दिया, लेकिन कोर्ट ने लगातार समय मांगने पर नाराजगी जताई। हाईकोर्ट ने साफ कर दिया कि अब मामले में और देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नंदिनी परसाई/12 मई 2026