12-May-2026
...


- वेनिस बिएनाले डिनर में दिखा अंबानी परिवार का शाही अंदाज नई दिल्ली,(ईएमएस)। इटली के खूबसूरत शहर वेनिस में आयोजित प्रतिष्ठित वेनिस बिएनाले डिनर में अंबानी परिवार का शाही अंदाज फिर चर्चा का विषय बन गया। खास तौर पर नीता अंबानी का पारंपरिक भारतीय लुक विदेशी मीडिया और सोशल मीडिया दोनों में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। भारतीय कला और संस्कृति को समर्पित इस खास आयोजन में नीता अंबानी ने अपने पहनावे के जरिए भारतीय हस्तकला, बुनाई और आभूषणों की समृद्ध विरासत को दुनिया के सामने शानदार अंदाज में पेश किया। इस आयोजन में जहां कई मेहमान आधुनिक और वेस्टर्न आउटफिट्स में नजर आए, वहीं नीता अंबानी ने पारंपरिक बनारसी साड़ी पहनकर अलग पहचान बनाई। उन्होंने बेहद खूबसूरत बनारसी ब्रोकेड कड़वा साड़ी को चुना, जिसे देश के कुशल कारीगरों ने करीब पांच महीने की मेहनत से हाथों से तैयार किया था। साड़ी पर की गई बारीक कारीगरी, भारी टेक्सचर और पारंपरिक डिजाइन भारतीय शिल्पकला की उत्कृष्टता को दर्शा रहे थे। नीता अंबानी के इस पारंपरिक लुक को आधुनिक स्पर्श देने के लिए मशहूर डिजाइनर मनीष मल्होत्रा द्वारा डिजाइन किया गया गोल्ड चैंटिली लेस ब्लाउज खास आकर्षण बना। ब्लाउज का सॉफ्ट काउल-बैक डिजाइन उनके पूरे लुक को ग्लैमरस और मॉडर्न बना रहा था। पारंपरिक साड़ी और आधुनिक डिजाइन का यह मेल फैशन प्रेमियों को काफी पसंद आया। हालांकि उनके पूरे लुक का सबसे चर्चित हिस्सा उनकी खास जूलरी रही। नीता अंबानी ने अपने लुक के साथ बेहद कीमती ‘रत्ना रिविएर’ नेकलेस पहना, जिसे प्रसिद्ध ज्वेलर कांतिलाल छोटेलाल ने विशेष रूप से डिजाइन किया था। इस नेकलेस में बर्मी रूबी, कोलंबियन एमराल्ड, सफेद और पीले हीरों का शानदार संयोजन देखने को मिला। बताया जा रहा है कि इन सभी रत्नों को नीता अंबानी के निजी संग्रह से लिया गया था। इस नेकलेस की खासियत यह भी रही कि इसमें लगे प्रत्येक रत्न को लंबे समय तक परखने और दोबारा कटिंग करने के बाद अंतिम रूप दिया गया, ताकि उसकी चमक और आकार पूरी तरह संतुलित दिखाई दे। नेकलेस के साथ उन्होंने असिमेट्रिकल ईयररिंग्स पहने, जिनमें भी अलग-अलग कीमती रत्नों का इस्तेमाल किया गया था। यह डिजाइन पारंपरिक आभूषणों से हटकर होने के बावजूद बेहद शाही नजर आ रहा था। अपने इस रॉयल अंदाज को पूरा करने के लिए नीता अंबानी ने टेंपल आर्ट से प्रेरित हैंड-कार्व्ड क्लच कैरी किया। सोने और रूबी से सजा यह एंटीक क्लच भारतीय संस्कृति और शिल्पकला की खूबसूरती को दर्शा रहा था। वेनिस के इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में नीता अंबानी का यह पारंपरिक भारतीय लुक न केवल फैशन बल्कि भारतीय संस्कृति की भव्य प्रस्तुति के रूप में देखा जा रहा है। सिराज/ईएमएस 12मई26