12-May-2026
...


-यूएई से होगी शुरूआत, राष्ट्रपति शेख जायद अल नाहयान से करेंगे मुलाकात नई दिल्ली,(ईएमएस)। वैश्विक स्तर पर तेजी से बदलते भू-राजनीतिक हालात और नई विश्व व्यवस्था के बीच पीएम मोदी छह दिनों की विदेश यात्रा पर रवाना होंगे। इस दौरान वह संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली का दौरा करेंगे। इस यात्रा को भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका, रणनीतिक साझेदारी और आर्थिक प्रभाव को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है। पीएम मोदी अपनी यात्रा की शुरुआत यूएई से करेंगे। वहां उनकी मुलाकात राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से होगी। दोनों नेताओं के बीच ऊर्जा सहयोग, निवेश, व्यापार और पश्चिम एशिया की मौजूदा परिस्थितियों समेत कई क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। यूएई भारत का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है और पिछले ढाई दशक में भारत में निवेश करने वाले प्रमुख देशों में शामिल रहा है। वहां रहने वाले 45 लाख से ज्यादा भारतीयों की वजह से यह दौरा भारतीय समुदाय से जुड़े मुद्दों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। यात्रा के दूसरे चरण में पीएम मोदी 15 से 17 मई तक नीदरलैंड का दौरा करेंगे। मोदी वहां राजा विलेम-अलेक्जेंडर, रानी मैक्सिमा और पीएम रॉब जेटेन से मुलाकात करेंगे। इस दौरान रक्षा, सुरक्षा, हरित हाइड्रोजन, सेमीकंडक्टर, नवाचार और जल प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी। विदेश मंत्रालय का मानना है कि यह यात्रा दोनों देशों के बीच बहुआयामी साझेदारी को नई मजबूती देगी। इसके बाद पीएम मोदी 17 से 18 मई तक स्वीडन जाएंगे। स्वीडन के पीएम उल्फ क्रिस्टर्सन के साथ उनकी द्विपक्षीय वार्ता होगी। इसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता, उभरती तकनीक, स्टार्टअप, रक्षा, अंतरिक्ष और जलवायु परिवर्तन जैसे विषयों पर सहयोग बढ़ाने के नए रास्ते तलाशे जाएंगे। दोनों नेता यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन के साथ यूरोपियन राउंड टेबल फॉर इंडस्ट्री को भी संबोधित करेंगे। पीएम मोदी 18 से 19 मई तक नॉर्वे में तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। वह वहां राजा हेराल्ड पंचम, रानी सोन्या और पीएम योनस गहर स्टोरे से मुलाकात करेंगे। 1983 के बाद यह किसी भारतीय पीएम की पहली नॉर्वे यात्रा होगी। इस दौरान स्वच्छ ऊर्जा, हरित प्रौद्योगिकी, समुद्री अर्थव्यवस्था और व्यापारिक सहयोग को बढ़ाने पर जोर रहेगा। यात्रा के अंतिम चरण में पीएम मोदी 19 से 20 मई तक इटली का दौरा करेंगे। वहां उनकी मुलाकात राष्ट्रपति सर्जियो मैटारेला और पीएम जॉर्जिया मेलोनी से होगी। भारत और इटली के बीच रणनीतिक, आर्थिक और वैश्विक मुद्दों पर सहयोग को नई दिशा देने के उद्देश्य से यह यात्रा अहम मानी जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह पूरा दौरा दुनिया में भारत की बढ़ती ताकत और मजबूत होती कूटनीतिक स्थिति की बड़ी तस्वीर पेश करेगा। सिराज/ईएमएस 12मई26