राष्ट्रीय
12-May-2026


लखनऊ,(ईएमएस)। यूपी की योगी सरकार के दूसरे मंत्रिमंडल विस्तार में बनाए गए मंत्रियों को कार्यालय आवंटित कर दिया है। कैबिनेट मंत्री बने भूपेन्द्र चौधरी को विधान भवन जबकि अन्य मंत्रियों को बापू भवन सचिवालय में कार्यालय मिला है। चौधरी को मुख्य भवन के प्रथम तल में आवंटित कक्ष संख्या 82-बी में 2024 के लोक सभा चुनाव में सांसद बनने से पहले तक जितिन प्रसाद बैठते थे। जितिन के पास लोक निर्माण विभाग था। जितिन का कक्ष चौधरी को आवंटित होने के साथ ही चर्चा होने लगी है कि क्या लोक निर्माण विभाग ही उन्हें मिलने वाला है? मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सचिवालय प्रशासन के आदेश के मुताबिक कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय को बापू भवन के आठवें तल पर कक्ष क्रमांक एफ-1/2 दिया गया है। वहीं, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अजीत सिंह पाल को बापू भवन के तृतीय तल पर एफ-1/2 और राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सोमेन्द्र तोमर को चतुर्थ तल पर एफ-1/2 कक्ष आवंटित किया है। हालांकि इन दोनों के पास राज्य मंत्री रहते यही कक्ष पहले से थे। राज्य मंत्री कृष्णा पासवान को बापू भवन के चतुर्थ तल पर एफ-3/4, राज्य मंत्री सुरेन्द्र दिलेर को छठवें तल पर एफ-3/4 और राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा को तृतीय तल पर एफ-3/4 कक्ष आवंटित किया है। कैलाश राजपूत को उनकी पसंद का कक्ष न मिलने से फिलहाल कोई कार्यालय कक्ष आवंटित नहीं किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक रविवार को विभागों के बंटवारे का आदेश न होने पर सोमवार को दिनभर नवनियुक्त मंत्रियों के विभागों को लेकर चर्चा होती रही। मंगलवार को सीएम योगी सुबह असम में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। वहां से चार बजे लौटेंगे। ऐसे में बुधवार को मंत्रियों के विभागों का बंटवारा होने की उम्मीद है। शपथग्रहण समारोह के दूसरे दिन नवनियुक्त मंत्रियों ने अलग-अलग स्थानों पर अपने समर्थकों व पार्टी के विधायकों से मुलाकात की। मंत्री मनोज पांडेय ने ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधिमंडल से भी मुलाकात की। भूपेन्द्र चौधरी सुबह सबसे पहले मुख्य भवन स्थित अपना कार्यालय देखने गए, फिर लौटकर आने पर शुभचिंतकों से मुलाकात करते रहे। कैलाश राजपूत ने कल्याण सिंह के पौत्र मंत्री संदीप सिंह से मुलाकात की और लोधी समाज की समस्याओं पर चर्चा की। कृष्णा पासवान ने विधायक आवास पर फतेपुर जिले के विधायकों के साथ विकास पर चर्चा की। पासी समाज के भी कई नेता उनसे मिलने आए। मंत्री सुरेन्द्र दिलेर अलीगढ़ से आए समर्थकों से मुलाकात करते रहे। सिराज/ईएमएस 12मई26 ------------------------------