जहानाबाद,(ईएमएस)। पटना-गया एनएच-22 पर मई हाल्ट के समीप मंगलवार सुबह एक स्कूली बस और तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर हो गई, जिसमें ट्रक चालक समेत तीन स्कूली बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद एनएच पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक गया जिले के एक निजी स्कूल की बस बच्चों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान मई हाल्ट के पास विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। घटना में ट्रक चालक अजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं बस में सवार छात्र-छात्राओं को भी चोटें आईं। सभी घायलों को अस्पताल ले लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद ट्रक चालक की स्थिति गंभीर देखते हुए उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया। बच्चों का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया। हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। सिराज/ईएमएस 12मई26