राष्ट्रीय
12-May-2026


-हिमाचल प्रदेश में नगर निगम, पंचायत और शहरी निकाय चुनाव होना है शिमला,(ईएमएस)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से संबद्ध 145 स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति के लिए काउंसलिंग 31 मई के बाद होगी। यह फैसला राज्य निर्वाचन आयोग के आग्रह पर लिया गया है। आयोग ने विभाग को पत्र लिखकर बताया कि नगर निगम, पंचायत और शहरी निकाय चुनाव होने वाले हैं, जिसके कारण शिक्षकों को चुनावी ड्यूटी पर लगाया गया है। काउंसलिंग के लिए शिक्षकों को रिलिव करना पड़ेगा, जिससे चुनावी कार्यक्रम में बाधा पैदा हो सकती है। प्रवक्ता, टीजीटी, सीएंडवी, डीपीई, पीजीटी, जेबीटी समेत अन्य श्रेणी के शिक्षकों की नियुक्ति के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश के 145 सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूलों में करीब 6200 शिक्षकों की नियुक्ति की जानी है। काउंसलिंग के लिए नौ केंद्र और 10 अलग-अलग कमेटियां बनाई गई हैं। काउंसलिंग प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए 10 समितियों का गठन किया गया है, जिनकी अध्यक्षता वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी गई। प्रत्येक समिति में संबंधित शाखाओं के अधीक्षक, सहायक और आइटी स्टाफ को शामिल किया गया है ताकि प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से पूरी हो सके। शिक्षा विभाग ने राज्य के सीबीएसई संबद्ध सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती और काउंसिलिंग प्रक्रिया को लेकर स्पष्टीकरण जारी किया है। निदेशालय स्कूल शिक्षा शिमला द्वारा जारी पत्र में कई प्रशासनिक और कार्यान्वयन से जुड़े मुद्दों पर दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि पूरी प्रक्रिया सुचारू और पारदर्शी ढंग से संचालित हो सके। विभाग की ओर से जारी निर्देश के मुताबिक यदि कोई चयनित शिक्षक काउंसिलिंग के बाद दी गई पोस्टिंग को स्वीकार नहीं करता या तय समय में ज्वाइन नहीं करता है तो उसे भविष्य में सीबीएसई स्कूलों में तैनाती के अवसर से वंचित नहीं किया जाएगा। जाब ट्रेनिंग या संविदा आधार पर कार्यरत वे शिक्षक जो चयनित होकर सीबीएसई स्कूलों में तैनात होते हैं, उनकी मौजूदा सेवा शर्तें बिना किसी बाधा के जारी रहेंगी। उनकी संविदा व्यवस्था इस नई पोस्टिंग से प्रभावित नहीं होगी। सिराज/ईएमएस 12मई26