-मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी का बड़ा फैसला - अब सामान्य सांसद जैसा सुरक्षा कवर कोलकाता (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल की नई राज्य सरकार ने तृणमूल कांग्रेस के महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए उनकी जेड प्लस सुरक्षा वापस लेने का निर्णय लिया है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, पिछले एक दशक से अधिक समय से उन्हें मिल रही इस उच्च स्तरीय सुरक्षा के साथ-साथ अब उन्हें विशेष पायलट कार की सुविधा भी नहीं मिलेगी। इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया। यह निर्णय मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी द्वारा नबन्ना में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और जिला मजिस्ट्रेटों के साथ की गई प्रशासनिक समीक्षा बैठक के बाद लिया गया है। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था केवल वास्तविक खतरे के आकलन के आधार पर ही दी जानी चाहिए। उन्होंने नेताओं की सुरक्षा पर होने वाले अनावश्यक सरकारी खर्च और प्रतिष्ठा के लिए दी जाने वाली अतिरिक्त सुरक्षा पर सवाल उठाए। अब उन्हें केवल वही सुरक्षा कवर प्रदान किया जाएगा जो सामान्य तौर पर एक सांसद को मिलता है। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि अभिषेक बनर्जी की सुरक्षा अब केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप होगी। उनके काफिले से पायलट कार हटा ली गई है और अतिरिक्त सुरक्षा बलों की कटौती चरणबद्ध तरीके से की जाएगी। सरकार का यह कदम राज्य में सुरक्षा प्रोटोकॉल को तर्कसंगत बनाने और वीआईपी संस्कृति को कम करने की दिशा में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। रामयश/ईएमएस 12 मई 2026