राज्य
12-May-2026


जयपुर (ईएमएस)। राज्य सरकार किसानों के उत्थान और सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में डीग जिले के ग्राम परमदरा में जल संसाधन विभाग की लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत वाली प्रमुख सिंचाई परियोजनाओं का लोकार्पण एवं 9 करोड़ 72 लाख रुपये की लागत के विकास कार्यों का शिलान्यास कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री व प्रभारी मंत्री भरतपुर एवं डीग सुरेश सिंह रावत ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि अध्यक्षता गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने की। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, किसान व आमजन कार्यक्रम में मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान डीग तहसील एवं जिले में किसानों की सुविधा के लिए ककड़ा चैनल (आर.डी. 0 से 8500 मीटर) के जीर्णोद्धार तथा गुड़गांव कैनाल सिंचाई परियोजना के अंतर्गत टेल डिस्ट्रीब्यूटरी (चैन 0 से 220) और इसकी माइनर्स के पुनरुद्धार कार्यों का विधिवत लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया गया। इसके अतिरिक्त, बजट घोषणा के अंतर्गत डीग डिस्ट्रीब्यूटरी की दिदावली, परमदरा एवं डीग सब-माइनर के पुनरुद्धार कार्य का शिलान्यास भी किया गया। इन परियोजनाओं के मूर्तरूप लेने से जल का रिसाव रुकेगा और अंतिम छोर तक के खेतों में अधिकतम पानी सुगमता से पहुँच सकेगा।समारोह को संबोधित करते हुए जल संसाधन मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत ने बताया कि इन सिंचाई परियोजनाओं से क्षेत्र के 21 गांवों की 4350 हेक्टेयर कृषि भूमि को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान मरु प्रदेश से हरित प्रदेश बनने की ओर तेजी से अग्रसर है। डीग जिले के विकास पर उन्होंने बताया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गृह राज्य मंत्री की मांग पर डीग जिले को भी संशोधित पार्वती-कालीसिंध-चम्बल लिंक परियोजना से जोड़ दिया गया है। इससे चम्बल, कालीसिंध और पार्वती नदियों का पानी यहां आएगा और पेयजल व सिंचाई की समस्या का स्थायी समाधान होगा। श्री रावत ने कहा कि पहले पेपर लीक से युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ हुआ, लेकिन वर्तमान सरकार ने एसआईटी का गठन कर युवाओं के मन में यह विश्वास जगाया है कि अब उनकी मेहनत का पूरा प्रतिफल उन्हें मिलेगा। हर खेत को पानी, हर घर में पानी, हर हाथ को रोजगार के संकल्प को दोहराते हुए उन्होंने लखपति दीदी योजना को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि बताया। ब्रह्मा जी की नगरी पुष्कर से आने का संदर्भ देते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशन में बृज भूमि का नव-निर्माण हो रहा है। श्री बेढ़म को कर्मशील जनप्रतिनिधि बताते हुए उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में डीग में जितने कार्य हुए हैं, उतने पूर्व के पांच सालों में भी नहीं हुए। उन्होंने किसानों से आगामी 23 से 25 मई तक जयपुर में आयोजित होने वाले वृहद किसान मेले (ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट) में भाग लेकर आधुनिक व जैविक खेती की तकनीकें सीखने और ग्राम रथ अभियान का पूरा लाभ उठाने का आह्वान किया। अशोक शर्मा/ 4 बजे/ 12 मई 2026