राज्य
12-May-2026


* हिम्मतनगर के लक्ष्मीपुरा गांव में यूजीवीसीएल की लापरवाही उजागर, ग्रामीणों में भारी आक्रोश साबरकांठा (ईएमएस)| जिले के लक्ष्मीपुरा गांव में उत्तर गुजरात विज कंपनी लिमिटेड (यूजीवीसीएल) की गंभीर लापरवाही सामने आई है। खेत से गुजर रहे ट्रैक्टर का ऊपरी हिस्सा नीचे लटक रही हाईटेंशन बिजली की तारों से टकरा गया, जिससे ट्रैक्टर में तेज करंट फैल गया। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार भाई और बहन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है, वहीं बिजली विभाग के खिलाफ ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली के तारों को ऊंचा कर दिया गया होता, तो आज एक परिवार को अपने दो सदस्यों को नहीं खोना पड़ता। ग्रामीणों का आरोप है कि किसान परिवार ने इसी साल जनवरी महीने में ही खतरनाक तरीके से झूल रही बिजली की तारों को लेकर उत्तर गुजरात विज कंपनी लिमिटेड को लिखित शिकायत दी थी। इसके बावजूद विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। लोगों का कहना है कि प्रशासन की इसी लापरवाही ने दो निर्दोष लोगों की जान ले ली। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों और किसान संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि इस घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। सतीश/12 मई