अंतर्राष्ट्रीय
12-May-2026
...


राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दी चेतावनी, अमेरिका-ईरान के बीच तनाव चरम पर वाशिंगटन,(ईएमएस)। ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव चरम पर है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि ईरान के संवर्धित यूरेनियम की निगरानी अब अमेरिकी ‘स्पेस फोर्स’ कर रही है। ट्रंप का कहना है कि अगर किसी ने भी वहां पहुंचने की कोशिश की, तो उसे ‘उड़ा’ दिया जाएगा। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका, मलबे के नीचे दबे ईरान के संवर्धित यूरेनियम पर लगातार नजर रखे हुए है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप ने एक इंटरव्यू में कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति ईरान के संवर्धित यूरेनियम के पास पहुंचने की कोशिश करेगा, तो अमेरिका को तुरंत इसकी जानकारी मिल जाएगी और उसे उड़ा दिया जाएगा। ट्रंप ने दावा किया कि अगर अमेरिका चाहता, तो वह सिर्फ दो हफ्तों में ईरान के हर सैन्य ठिकाने को निशाना बना सकता था उनके मुताबिक ईरान सैन्य रूप से काफी कमजोर हो चुका है। हमारे पास कुछ और टारगेट भी हैं जिन पर हम संभावित रूप से हमला कर सकते हैं। इस बीच, ईरान ने युद्ध खत्म करने के लिए अमेरिका की तरफ से दिए गए नए प्रस्ताव पर अपना जवाब पाकिस्तान के जरिए भेजा है। ईरान की सरकारी एजेंसी के मुताबिक फिलहाल बातचीत का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में चल रहे संघर्ष को खत्म करना है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि ईरान को साफ तौर पर बताना होगा कि वह परमाणु हथियार नहीं बनाना चाहता। अमेरिका इसे शांति समझौते के लिए बेहद जरूरी मान रहा है। ईरान की ओर से बातचीत के लिए जो नया मसौदा तैयार किया गया है, उसमें सभी मोर्चों पर तुरंत संघर्ष रोकने की मांग की गई है, साथ ही यह भी कहा गया है, कि भविष्य में ईरान के खिलाफ किसी तरह की सैन्य कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। रिपोर्ट के मुताबिक ईरान ने अमेरिका से प्रतिबंध हटाने और समुद्री नाकेबंदी खत्म करने की भी मांग की है। रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रस्ताव में ईरान पर दोबारा हमला न होने की गारंटी और राजनीतिक समझौते के तहत कई अन्य मुद्दों को भी शामिल किया गया है। इसके अलावा ईरान ने मांग की है कि उसके तेल निर्यात पर लगे अमेरिकी प्रतिबंध 30 दिनों के अंदर हटाए जाएं और शुरुआती समझौते के बाद ईरान की जब्त संपत्तियां भी वापस की जाएं। सिराज/ईएमएस 12मई26