-ईरान के साथ चीजों को कैसे आगे बढ़ाए इस पर ट्रंप प्रशासन में हैं मतभेद वॉशिंगटन,(ईएमएस)। ईरान-अमेरिका में फिर शुरू हो सकती है जंग। डोनाल्ड ट्रंप ईरान के साथ हो रही बातचीत से निराश हैं और वह अमेरिकी सेना को बड़े पैमाने पर हमले का आदेश देने पर विचार कर रहे हैं। एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ट्रंप मौजूदा स्थिति से पूरी तरह उकता गए हैं। उनको लग रहा है कि सैन्य हमलों के जरिए ही ईरान को डील करने पर मजबूर किया जा सकता है। ट्रंप युद्ध खत्म करने के लिए ईरान के बातचीत के तरीके से लगातार निराश हो रहे हैं। होर्मुज के लगातार बंद रहने और ईरानी नेतृत्व के मतभेदों को लेकर ट्रंप अधीर हो रहे हैं। रिपोर्ट कहती है कि ईरान के साथ चीजों को कैसे आगे बढ़ना है, इस पर ट्रंप प्रशासन के अंदर भी मतभेद हैं। अमेरिकी अधिकारियों को लगता है कि ईरान ईमानदारी से बातचीत नहीं कर रहा है। ऐसे में कुछ अधिकारी ज्यादा आक्रामक रुख अपनाते हुए सैन्य हमले करने पर जोर दे रहे हैं। कुछ अधिकारियों का तर्क है कि कूटनीतिक प्रयास जारी रहने चाहिए। रिपोर्ट में कहा गया है कि ट्रंप ने सोमवार को वाइट हाउस में अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा टीम के साथ बैठक कर आगे के कदमों पर चर्चा की। इसमें ईरान पर फिर से हमलों के विकल्प पर भी विचार किया गया है। सूत्रों का कहना है कि चीन दौरे से लौटने के बाद ट्रंप इस पर अपना रुख साफ कर सकते हैं। ट्रंप 13-15 मई तक चीन दौरे पर हैं। ट्रंप ने सोमवार को अमेरिकी समझौते पर ईरान की प्रतिक्रिया को कचरे का टुकड़ा बताया। उन्होंने कहा कि ईरान का रवैया अच्छा नहीं है और सीजफायर अपनी सबसे कमजोर हालत में और लाइफ सपोर्ट पर है। ट्रंप ने ईरान के जवाब को खारिज करते हुए कहा था कि मैंने ईरान के प्रतिनिधियों का जवाब पढ़ा है। मुझे यह बिल्कुल पसंद नहीं आया और यह हमें पूरी तरह से अस्वीकार्य है। ईरान के जवाब पर प्रतिक्रिया देने से पहले ट्रंप ने एक पोस्ट में तेहरान पर 50 सालों तक अमेरिका के साथ खेलने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब वे ऐसा नहीं कर पाएंगे। सिराज/ईएमएस 12मई26