वाशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने चीन दौरे पर जाते हुए कुछ समय के लिए पाकिस्तान में रुक सकते हैं। यह जानकारी पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने दी है, हालांकि उन्होंने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। आसिफ के अनुसार, ट्रंप इस्लामाबाद में करीब दो घंटे रुक सकते हैं। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, उनके नूर खान एयर बेस पर उतरने की संभावना है। ट्रंप के पाकिस्तान रुकने की अटकलें इसलिए तेज हैं क्योंकि हालिया समय में उन्होंने पाकिस्तानी सेना प्रमुख और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की तारीफ की है। उन्होंने पाकिस्तानी सेना प्रमुख असीम मुनीर को पसंदीदा फील्ड मार्शल बताया था और ईरान-अमेरिका के बीच मध्यस्थता में पाकिस्तान की भूमिका को भी सराहा था। ट्रंप प्रशासन ने पाकिस्तान से रिश्ते बेहतर करने की कोशिश की है, जो बीते कुछ वर्षों में तनावपूर्ण रहे थे। यदि यह दौरा होता है, तब यह दो दशकों में किसी अमेरिकी राष्ट्रपति का पाकिस्तान का पहला दौरा होगा। इससे पहले, अफगानिस्तान युद्ध के दौरान जॉर्ज डब्ल्यू बुश ने पाकिस्तान का दौरा किया था। बराक ओबामा, जो बाइडन और अपने पहले कार्यकाल में खुद डोनाल्ड ट्रंप भी पाकिस्तान नहीं आए थे। यह संभावित ठहराव ट्रंप के महत्वपूर्ण चीन दौरे से ठीक पहले होगा। अमेरिकी राष्ट्रपति बुधवार शाम को बीजिंग पहुंच रहे हैं, जहां उनकी चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ मुलाकात होनी है। व्हाइट हाउस की प्रधान उप प्रेस सचिव अन्ना केली ने बताया है कि 13 से 15 मई तक चलने वाले इस दौरे का मुख्य उद्देश्य चीन के साथ संबंधों को फिर से संतुलित करना और अमेरिकी आर्थिक स्वतंत्रता को बहाल करना है। ट्रंप का यह दौरा पहले मार्च में निर्धारित था लेकिन पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण इसे टाल दिया गया था। नौ साल बाद कोई अमेरिकी राष्ट्रपति चीन जा रहा है। ईरान में संघर्ष और यूक्रेन युद्ध जैसी वैश्विक परिस्थितियों के बीच इस दौरे पर पूरी दुनिया की नजरें लगी हुई हैं। आशीष दुबे / 12 मई 2026