12-May-2026
...


-प्रशासन ने कहा- लोगों को घबराने या पैनिक होने की जरुरत नहीं पटना,(ईएमएस)। पटना में 14 मई शाम 7:15 बजे अचानक सायरन बजें, ब्लैक आउट हो जाए तो घबराना नहीं। ऐसा सिविल डिफेंस ब्लैकआउट यानी मॉकड्रिल के तहत किया जाएगा। दरअसल हवाई हमले से बचाव के लिए नागरिक सुरक्षा अभ्यास किया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि यह केवल एक मॉकड्रिल है, इसलिए लोगों को घबराने या पैनिक होने की जरुरत नहीं है। प्रशासन ने पटना के शहरी क्षेत्रों के लोगों, दुकानदारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे 14 मई को तय 15 मिनट के लिए अपने घरों और दुकानों की लाइटें बंद रखें। इस दौरान हवाई हमले की चेतावनी का सायरन बजाया जाएगा, जो 2 मिनट तक गूंजेगा। सायरन बजते ही पूरे शहर में ब्लैकआउट की स्थिति हो जाएगी। डीएम ने लोगों से अपील है कि वे किसी भी प्रकार के अफवाह पर ध्यान न दें। केवल आधिकारिक सूचना पर ही विश्वास करें। रिपोर्ट के मुताबिक हवाई हमले की चेतावनी के लिए मॉकड्रिल और ब्लैकआउट निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के मुताबिक की जाएगी। इसमें राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तंत्र की क्रियाशीलता की जांच की जाएगी। मॉकड्रिल से लोगों के लिए जरुरी सेवाओं की उपलब्धता पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। अस्पतालों में काम सुचारू रूप से चलता रहेगा। इसके लिए खिड़कियों पर विशेष प्राइवेसी कर्टेन या काले पर्दों का उपयोग किया जाएगा ताकि बाहर रोशनी न फैले। डीएम ने कहा कि नागरिक सुरक्षा निदेशालय की ओर से तय मापदंडों के अनुरूप पटना शहरी क्षेत्रों और पटना नगर निगम, नगर परिषदों, दानापुर निजामत, खगौल तथा फुलवारीशरीफ में मॉकड्रिल की जाएगी। मॉकड्रिल पटना में कहां कहां आयोजित की जाए? इसके लिए जगहों का चयन कर लिया गया है। जिला प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक चार जगहों पर मॉकड्रिल की जाएगा। जिनमें पटना समाहरणालय, बिस्कोमान भवन, बांकीपुर बस स्टैण्ड, आईजीआईएमएस। बता दें पटना समेत राज्य के 6 जिलों में हवाई हमला मॉकड्रिल और ब्लैकआउट का आयोजन किया जाना है। सिराज/ईएमएस 12मई26