12-May-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने आश्वासन दिया कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बावजूद देश में ईंधन की आपूर्ति में कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि केंद्र द्वारा उठाए गए आपातकालीन उपायों के तहत सरकार ने एलपीजी उत्पादन को 35,000-36,000 टन प्रतिदिन से बढ़ाकर करीब 54,000 टन किया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के प्रमुख पुरी ने कहा कि देश में एलपीजी आपूर्ति में कोई समस्या नहीं है। उन्होंने जानकारी दी कि भारत के पास कच्चे तेल और एलएनजी का 69 दिनों का और एलपीजी का 45 दिनों का पर्याप्त भंडार मौजूद है। केंद्रीय मंत्री पुरी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मितव्ययिता की अपील को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। यह पश्चिम एशिया संघर्ष से उत्पन्न राजकोषीय दबाव को कम करने के लिए उपायों पर विचार करने की एक आहट है। प्रधानमंत्री मोदी ने अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और विदेशी मुद्रा के संरक्षण हेतु कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने ईंधन के विवेकपूर्ण उपयोग, जैसे पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने, शहरों में मेट्रो रेल सेवाओं का उपयोग करने, कारपूलिंग करने, इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) का अधिक उपयोग करने तथा पार्सल परिवहन के लिए रेलवे सेवाओं का उपयोग करने का आह्वान किया। आशीष दुबे / 12 मई 2026