सेंसेक्स 1,456, निफ्टी 436 अंक गिरा मुंबई (ईएमएस)। भारतीय शेयर बाजार मंगलवार को भी गिरावट के साथ बंद हुआ। वहीं गत दिवस भी बाजार गिरावट पर बंद हुआ था। सप्ताह के दूसरे ही कारोबारी दिन बाजार में ये गिरावट दूनिया भर के बाजारों से मिले कमजोर संकेतों के साथ ही बिकवाली हावी रहने से आई है। इसी कारण दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1,456.04 अंक गिरकर 74,559.24 पर बंद हुआ। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 436.30 अंक टूटकर 23,379.55 पर बंद हुआ। बाजार में ये गिरावट अमेरिका और ईरान के बीच तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में आ रही तेजी से आई है। इसके अलावा विदेशी निवेशकों की लगातार निकासी से भी बाजार टूटा है। आज सेंसेक्स के शेयरों में टेक महिंद्रा, अदानी पोर्ट्स, एचसीएल टेक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टाइटन और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर गिरे जबकि केवल स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के शेयर में ही तेजी रही। जानकारों के अनुसार पश्चिम एशिया में संघर्ष के बढ़ने और तेल एवं गैस आपूर्ति पर असर पड़ने की आशंकाओं से बाजार धारणा प्रभावित हुई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के शांति प्रस्ताव को खारिज किये जाने से भी बाजार में अनिश्चितता आई है। वहीं इससे पहले आज सुबह बाजार गिरावट पर खुला । सुबह के कारोबार में निफ्टी 0.45 फीसदी की गिरावट के साथ 23,716.25 पर पहुंच गया, जबकि सेंसेक्स 0.53 फीसदी टूटकर 75,614.93 के स्तर पर आ गया। दूसरी ओर एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का एसएसई कम्पोजिट गिरावट में जबकि जापान का निक्की 225 और हांगकांग का हैंग बढ़त में रहे। अमेरिकी बाजार सोमवार को सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे। ईएमएस 12 मई 2026