इन्दौर (ईएमएस) लगातार तीन दिन तक खाने में कढ़ी बनाने की मामूली बात पर दम्पति में हुए विवाद के बाद पत्नि ने फांसी लगाकर जान दे दी। मामला समीपस्थ सांवेर थाना क्षेत्र का है और दम्पति मूलतः रीवा के निवासी हैं तथा पति इन्दौर में आनंद बाजार स्थित एक रिफ्रैशमेंट शाॅप पर नौकरी करता है। पुलिस के अनुसार मृतका महिला का नाम शीला पति राजकुमार कुशवाह उम्र चौंतीस साल निवासी ड्रीम सिटी है। उसने अपने घर में फांसी लगा ली थी पति उसे फंदे से उतार अस्पताल लेकर पहुंचा था जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पूछताछ में पुलिस को पति राजकुमार ने बताया कि शीला लगातार तीन दिनों से कढ़ी बना रही थी। उसे कढ़ी पंसद थी। इस पर उससे उसकी कुछ कहासुनी हो गई थी। हालांकि बाद में राजकुमार ने उसे आगे भी रोज कढ़ी ही बनाने को कहा, लेकिन शीला को लगा कि वह उसे ताने मार रहा है, जिसके चलते उसने घटना वाले दिन दूसरा खाना बनाया। इस पर राजकुमार ने कहा कि ऐसा खाना बनाया करो, ताकि सभी को पसंद आए। यह कहकर वह काम पर चला गया था पीछे से शीला ने यह कदम उठा लिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवा कार्रवाई शुरू कर दी है। आनंद पुरोहित/ 12 मई 2026