- सडक़ों पर उतरा जनसैलाब, युवती पर की टिप्पणी, समाज विशेष को लेकर दिया कथित आपत्तिजनक बयान - ग्रामीणों ने किया थाने का घेराव, पुलिस ने दर्ज किया मामला बालाघाट (ईएमएस). जनपद क्षेत्र लालबर्रा के ग्राम पंचायत पांढरवानी के सरपंच और विधायक प्रतिनिधि अनीस खान की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद क्षेत्र में माहौल गरमा गया है। युवती के चरित्र पर टिप्पणी और समाज विशेष के प्रति अभद्र भाषा के विरोध में बड़ी संख्या में लोग सडक़ों पर उतरे और थाने का घेराव कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर प्रकरण को जांच में लिया है। मंगलवार को सर्व हिंदू समाज के आह्वान पर क्षेत्र में व्यापक विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। दोपहर में पवार मंगल भवन में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने संबंधित बयान को सामाजिक सौहार्द बिगाडऩे वाला बताया। बैठक के बाद बड़ी संख्या में लोग रैली के रूप में नारेबाजी करते हुए लालबर्रा थाना पहुंचे और सरपंच अनीस खान की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। कुछ समय तक थाने परिसर में तनाव की स्थिति बनी रही। ये है मामला जानकारी के अनुसार 10 मई को ग्राम पंढरापानी (रानीकुठार) में एक वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान यह विवाद सामने आया। आरोप है कि कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच विधायक प्रतिनिधि अनीस खान ने एक 19 वर्षीय युवती के संबंध में भ्रामक, अपमानजनक और चरित्रहीनता से जुड़ी आपत्तिजनक टिप्पणी की। विरोध करने पर कथित रूप से समाज विशेष को लेकर भी अभद्र बातें कही गईं, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों की धार्मिक और सामाजिक भावनाएं आहत होने से यह मामला और भी ज्यादा गर्मा गया। एसडीओपी ने संभाला मोर्चा आक्रोशित ग्रामीणों के प्रदर्शन को देखते हुए वारासिवनी एसडीओपी अभिषेक चौधरी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उन्हें शांत कराया। प्रार्थी विनोद ठाकरे की शिकायत के आधार पर पुलिस ने विधायक प्रतिनिधि के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(बी), 351(2) और 352 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साक्ष्यों के आधार पर अगली कार्यवाही का आश्वासन दिया है। फिलहाल, क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। विधायक अनुभा मुंजारे की छवि पर लग रहा दाग इस घटना के बाद क्षेत्रीय राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि जनप्रतिनिधियों के सहयोगियों के व्यवहार को लेकर सवाल उठ रहे हैं। नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्र में चर्चा है कि विधायक अनुभा मुंजारे, जो अपनी स्वच्छ और सरल छवि के लिए जानी जाती हैं, उनके प्रतिनिधियों के बेलगाम रवैये के कारण उनकी साख धूमिल हो रही है। आम जनमानस में यह संदेश जा रहा है कि विधायक के संरक्षण में उनके प्रतिनिधि अहंकारी और बड़बोले हो चुके हैं। गौरतलब है कि यह अनीस खान का पहला विवाद नहीं है। अभी कुछ दिन पूर्व ही जिला पंचायत की सामान्य सभा में अनीस खान ने जिला पंचायत अध्यक्ष सम्राट सिंह सरस्वार और अन्य सदस्यों के साथ अभद्र व्यवहार किया था, जिसकी काफी निंदा हुई थी। वह मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि युवती को अपमानित करने और समाज विरोधी टिप्पणी का नया विवाद खड़ा हो गया। जनता में आक्रोश, प्रतिनिधियों का व्यवहार असहनीय क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों से विधायक प्रतिनिधियों के विवादित ऑडियो वायरल होने, जनता व जनप्रतिनिधियों से दुव्य्यवहार करने और आम जनता को डराने-धमकाने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि विधायक ने समय रहते अपने प्रतिनिधियों पर अंकुश नहीं लगाया, तो आगामी समय में उन्हें भारी राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। फिलहाल, लालबर्रा में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। भानेश साकुरे / 12 मई 2026