क्षेत्रीय
12-May-2026
...


● श्री विद्यासागर पाठशाला, अहिंसा विहार द्वारा किया गया आयोजन ● माँ के प्रेम, त्याग और संस्कारों को स्मरण कर बच्चों ने धोए माताओं के चरण भोपाल (ईएमएस)। श्री विद्यासागर पाठशाला, अहिंसा विहार द्वारा श्री विद्यासागर संत भवन में माँ के प्रेम, त्याग एवं संस्कारों को समर्पित “ मातृ वंदन दिवस ” का वात्सल्यमयी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों ने अपनी-अपनी माताओं के चरण पखारकर उनके वात्सल्य, समर्पण एवं त्याग के प्रति श्रद्धाभाव व्यक्त किया। इस अवसर पर अहिंसा विहार जैन समाज एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित रहे। बच्चों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं भावपूर्ण अभिव्यक्तियों ने सभी का मन मोह लिया तथा कार्यक्रम ने उपस्थित जनसमुदाय को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतवर्षीय दिगम्बर जैन महिला परिषद, पद्मावती संभाग की विजयवर्धनी शाखा, भोपाल तथा अयोध्या नगर जैन मंदिर समिति के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने माँ के प्रेम, त्याग और संस्कारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए मातृ शक्ति के प्रति अनंत आभार प्रकट किया। इस अवसर पर अहिंसा विहार जैन मंदिर समिति, अयोध्या नगर मंदिर समिति, विजयवर्धनी शाखा भोपाल एवं श्री विद्यासागर पाठशाला, अहिंसा विहार से उपस्थित गणमान्यजनों ने मातृत्व के अतुलनीय महत्व एवं मातृ वंदन दिवस की गरिमा पर अपने प्रेरणादायी विचार व्यक्त किए। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों को सभी ने अत्यंत सराहा। कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा, वात्सल्य एवं भावनात्मक अभिव्यक्तियों से ओतप्रोत रहा। विजयवर्धिनी शाखा, पद्मावती संभाग की ओर से बच्चों को उत्साहवर्धन हेतु सम्मानस्वरूप पुरस्कार वितरित किए गए। हेमंत जैन/ईएमएस/12/05/2026