13-May-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। अपनी आगामी फिल्म ‘क्या कमाल है’ को लेकर अभिनेत्री शरवरी वाघ लगातार चर्चा में हैं। हाल ही में फिल्म का नया रोमांटिक गीत ‘मस्कारा’ रिलीज हुआ है, जिसने दर्शकों के बीच खास जगह बना ली है। इस गाने में शरवरी का अंदाज पुराने दौर की बॉलीवुड अभिनेत्रियों के रोमांस की याद दिला रहा है। अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अभिनेत्री ने इस गाने की शूटिंग के दौरान के कुछ खास बीटीएस पल साझा किए। अभिनेत्री ने पोस्ट के जरिए निर्देशक इम्तियाज अली के साथ काम करने के अनुभव को बेहद खास बताया। उन्होंने लिखा कि शूटिंग के दौरान वह और इम्तियाज अली एक खास एहसास को ‘किस-मिस यारा’ कहा करते थे। शरवरी के अनुसार यह एक मजेदार शब्द है, जो पहली बार प्यार में पड़ने पर महसूस होने वाली मीठी, हल्की और गुदगुदाने वाली भावना को दर्शाता है। अभिनेत्री ने बताया कि फिल्म में उनका किरदार ‘जिया’ कई बार इसी तरह के भावनात्मक और मासूम एहसासों से गुजरता है। उन्होंने कहा कि गाने में उनका नटखट और शरारती अंदाज दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है। शरवरी ने यह भी बताया कि इम्तियाज अली के साथ काम करना उनके लिए सीखने वाला अनुभव रहा। उन्होंने निर्देशक की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने अभिनय की उन बारीकियों को समझने में मदद की, जिनके बारे में वह पहले खुद भी नहीं जानती थीं। शरवरी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उन्होंने इम्तियाज अली को देखकर भावनाओं को समझने और कहानी कहने की कला के बारे में बहुत कुछ सीखा है। उन्होंने निर्देशक का आभार जताते हुए कहा कि उन पर भरोसा करने और हर कदम पर मार्गदर्शन देने के लिए वह हमेशा उनकी शुक्रगुजार रहेंगी। ‘मस्कारा’ गाने में शरवरी का लुक बेहद क्लासी और आकर्षक रखा गया है। गाने की रोमांटिक धुन, खूबसूरत लोकेशंस और मासूम केमिस्ट्री ने सोशल मीडिया पर इसे तेजी से लोकप्रिय बना दिया है। इस गीत को वेदांग रैना और नीलांजना घोष दस्तीदार ने आवाज दी है। सुदामा/ईएमएस 13 मई 2026